सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   UK crime agency charges Indian captain arrested in Russian shadow fleet oil tanker raid

UK: रूसी शैडो फ्लीट तेल टैंकर छापे में भारतीय कैप्टन गिरफ्तार, ब्रिटेन की अपराध एजेंसी ने तय किए आरोप

पीटीआई, लंदन Published by: Devesh Tripathi Updated Tue, 16 Jun 2026 02:04 AM IST
विज्ञापन
सार

ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी ने भारतीय नागरिक कैप्टन अजय पंत पर रूस से जुड़े प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन का आरोप लगाया है। यह कार्रवाई एक संदिग्ध रूसी ‘शैडो फ्लीट’ तेल टैंकर को रोकने के दौरान की गई, जिसे प्रतिबंधित रूसी तेल के परिवहन से जोड़ा जा रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि जहाज के माध्यम से प्रतिबंधित तेल की आपूर्ति की गई थी।

UK crime agency charges Indian captain arrested in Russian shadow fleet oil tanker raid
रूसी तेल टैंकर से भारतीय कैप्टन गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
विज्ञापन

विस्तार

ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी (एनसीए) ने रूस पर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार भारतीय नागरिक कैप्टन अजय पंत पर आरोप तय किए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सप्ताहांत में इंग्लिश चैनल में एक रूसी 'शैडो फ्लीट' तेल टैंकर को रोकने के लिए ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी और सशस्त्र बलों द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान पंत को गिरफ्तार किया गया।



एनसीए ने कहा, ''38 वर्षीय भारतीय नागरिक अजय पंत पर रूस (प्रतिबंध) (ईयू एग्जिट) विनियम, 2019 की धारा 46Z9B का उल्लंघन करने और जून 2026 के दौरान जहाज के माध्यम से रूस से प्रतिबंधित तेल या तेल उत्पादों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी तीसरे देश को आपूर्ति या डिलीवरी करने का आरोप लगाया गया है।''
विज्ञापन
विज्ञापन


मंगलवार को अदालत में होगी कैप्टन अजय पंत की पेशी
एनसीए द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की समीक्षा के बाद ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (सीपीएस) ने आरोपों को मंजूरी दी। पंत को मंगलवार को साउथैम्पटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी ने बताया कि जहाज पर मौजूद शेष 24 चालक दल के सदस्य, जो भारत और जॉर्जिया के नागरिक हैं, अभी भी पोत पर ही मौजूद हैं।
विज्ञापन


ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने रविवार को पुष्टि की थी कि 'एसएमवाईआरटीओएस' नामक पोत पर रॉयल मरीन कमांडो और एनसीए के विशेष रूप से प्रशिक्षित अधिकारियों ने चढ़कर कार्रवाई की। यह इस तरह का पहला ब्रिटिश नेतृत्व वाला अभियान था। 

रूस के शैडो फ्लीट पर ब्रिटेन ने की थी कार्रवाई
एनसीए के एक प्रवक्ता ने कहा, ''14 जून की सुबह एक रूसी शैडो फ्लीट पोत को रोके जाने के बाद राष्ट्रीय अपराध एजेंसी के अधिकारियों ने रूस संबंधी प्रतिबंध नियमों के तहत कथित उल्लंघन के संदेह में 38 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया। उसे हिरासत में लिया गया है, जहां एनसीए के जांचकर्ता उससे पूछताछ करेंगे। जांच जारी है, इसलिए फिलहाल इससे अधिक टिप्पणी नहीं की जाएगी।''

एनसीए ने बताया कि उसके अधिकारियों ने सशस्त्र बलों के साथ मिलकर प्रतिबंधित रूसी शैडो फ्लीट तेल टैंकर पर चढ़कर उसे अपने नियंत्रण में लिया। यह पोत फिलहाल दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के डोरसेट तट के पास लंगर डाले हुए है। 'शैडो फ्लीट' उन जहाजों को कहा जाता है जो समुद्री नियमों से बाहर संचालित होते हैं और स्वामित्व तथा माल की उत्पत्ति छिपाने के लिए गुप्त तरीकों का इस्तेमाल करते हैं।

स्टार्मर बोले- रूस के लिए बड़ा झटका
एनसीए के महानिदेशक ग्रेम बिगर ने कहा, ''एनसीए रूस द्वारा प्रतिबंधों से बचने की कोशिशों के खिलाफ अपने साझेदारों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अब एनसीए की आपराधिक जांच का विषय है, इसलिए हम फिलहाल और टिप्पणी नहीं कर सकते।'' रविवार को स्टार्मर ने कहा था कि यह अभियान रूस को एक और झटका देता है। उन्होंने कहा कि यह संदेश देता है कि यूक्रेन युद्ध में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का समर्थन करने वाले लोग छिप नहीं सकते।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय (एमओडी) ने कहा कि एसएमवाईआरटीओएस को अस्थायी रूप से एक सुरक्षित लंगर क्षेत्र में ले जाया जाएगा और पर्यावरण तथा सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए उसकी निगरानी की जाएगी। छह घंटे तक चले इस सैन्य अभियान में मैरीटाइम एयर ग्रुप के चिनूक, मर्लिन एमके-4 और वाइल्डकैट हेलीकॉप्टरों, रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) के पी-8 विमान, एचएमएस सदरलैंड और एचएमएस लेडबरी का भी सहयोग लिया गया।

रूस की तेल-गैस से होने वाली आय में 24 फीसदी की गिरावट
बताया गया कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप की गई। मार्च में हुए एक समझौते के बाद ब्रिटिश सशस्त्र बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को शैडो फ्लीट के जहाजों पर चढ़कर कार्रवाई करने का अधिकार मिला था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 700 से अधिक जहाजों वाली रूस की शैडो फ्लीट उसके प्रतिबंधित तेल के लगभग 75 प्रतिशत परिवहन के लिए जिम्मेदार है और क्रेमलिन के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा मानी जाती है।

मंत्रालय का कहना है कि इसी नेटवर्क से प्राप्त धन का उपयोग मिसाइलों और ड्रोन की आपूर्ति के लिए किया जाता है, जिनका इस्तेमाल यूक्रेन में किया जा रहा है। एमओडी ने कहा, ''ब्रिटेन शैडो फ्लीट के खिलाफ कार्रवाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और अब तक 500 से अधिक जहाजों पर प्रतिबंध लगा चुका है। ये प्रतिबंध प्रभावी साबित हो रहे हैं। 2025 में रूस की तेल और गैस से होने वाली आय में साल-दर-साल आधार पर 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।''

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed