फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news updates usa congo ebola virus cases death toll

दुनिया की खबरें: ट्रंप प्रशासन को अदालत से झटका, ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में काम रोकने का आदेश

Wed, 14 Oct 2026 06:16 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 14 Oct 2026 06:16 AM IST
विज्ञापन
world news updates usa congo ebola virus cases death toll
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
कांगो में इबोला के मामलों की संख्या 9,000 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। कांगो में इबोला को नियंत्रित करने की कोशिशें बेअसर साबित हो रही हैं और संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक, देश में इबोला के अब तक 9,066 पुष्ट मामले सामने आए हैं और 4,381 लोगों की मौत हो चुकी है। यह संख्या बीमारी के पुष्ट मामलों का लगभग आधा है। मृतकों की बढ़ती संख्या ने स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। दर्ज की गई मौतों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिनकी मौत उपचार केंद्रों के बाहर हुई।
विज्ञापन

 
Trending Videos

मेक्सिको में तूफान साइमन और रेचेल से आई बाढ़ में छह लोगों की मौत

मेक्सिको के प्रशांत तट पर भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तूफान साइमन और रेचेल के कारण ये हालात बने हैं। तूफान साइमन मेक्सिको के प्रशांत तट की तरफ श्रेणी-1 के तूफान के रूप में धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। इसके कारण नायरित और सिनालोआ राज्यों में भारी बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ को देखते हुए अधिकारी सतर्क हैं। सप्ताहांत में इस तूफान के कारण दक्षिणी राज्य गुएरेरो में भी भारी बारिश हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

हालांकि, सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर में बाजा कैलिफोर्निया राज्य के तटीय शहर एनसेनाडा में हुआ, जहां रेचेल तूफान के कारण आई बाढ़ में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य के अभियोजन कार्यालय ने बताया कि मृतकों में 13 वर्षीय एक लड़की शामिल है, जिसका शव रविवार को मिला था। इसके अलावा, 30 और 35 वर्ष की दो महिलाओं तथा चार साल के एक लड़के के शव सोमवार को बरामद किए गए। मंगलवार को एक जलधारा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।
बाजा कैलिफोर्निया में पांच अन्य लोग अब भी लापता हैं। इनमें से तीन एनसेनाडा के हैं। इसके अलावा, एक पिता और पुत्र भी लापता हैं, जो शनिवार को कैलिफोर्निया की खाड़ी के तट पर स्थित सैन फेलिप में मछली पकड़ने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

राज्य के नागरिक सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को करीब 300 सैन्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों ने एनसेनाडा की एल पिपिला जलधारा के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस बीच, मैक्सिकन नौसेना लापता मछुआरों की तलाश में जुटी रही। बाढ़ के पानी में वाहन बह गए, मकानों को नुकसान पहुंचा और कुछ समुदायों का संपर्क कट गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

ट्रंप प्रशासन को अदालत से झटका, ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में काम रोकने का आदेश

अमेरिका की एक संघीय अदालत की न्यायाधीश ने मंगलवार को ईस्ट पोटोमैक गोल्फ कोर्स में पेड़ों की कटाई पर 26 अक्टूबर तक रोक लगाने का आदेश दिया। इस फैसले से वाशिंगटन डीसी के ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में चल रहे काम पर फिर रोक लग गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वॉशिंगटन शहर का स्वरूप बदलने की योजनाओं में यह गोल्फ कोर्स भी शामिल है।

अमेरिकी जिला न्यायाधीश एना रेयेस ने सोमवार को करीब तीन घंटे तक चली सुनवाई के एक दिन बाद यह आदेश दिया। सुनवाई के दौरान उन्होंने सरकार की कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई थी और आरोप लगाया था कि सरकार ने उन्हें गुमराह किया। सोमवार की सुनवाई के दौरान रेयेस ने काम पर 24 घंटे की रोक लगाई थी। उन्होंने कहा था कि जरूरत पड़ने पर इस रोक को 14 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है। न्यायाधीश ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि गोल्फ कोर्स के नवीनीकरण की योजना पर रोक लगाने के लिए मुकदमा दायर करने वाले पक्षकारों या अदालत को पर्याप्त सूचना दिए बिना यह कार्रवाई क्यों की गई। 

गोल्फ कोर्स के लिए कम से कम 400 पेड़ काटे गए, जबकि कई सौ और पेड़ों को काटने की योजना थी। राष्ट्रपति ट्रंप इस ऐतिहासिक पार्क, खासकर इसके गोल्फ कोर्स को विश्वस्तरीय गोल्फ स्थल में बदलना चाहते हैं। यह वाशिंगटन डीसी के स्वरूप को बदलने की उनकी व्यापक योजना का हिस्सा है। शहर में उनकी कई अन्य परियोजनाएं भी चल रही हैं, जिनमें व्हाइट हाउस में 40 करोड़ डॉलर की लागत से प्रस्तावित बॉलरूम और जल्द शुरू होने वाला विजय स्मारक द्वार का निर्माण शामिल है। ट्रंप ने 2025 के आखिर में शहर के सार्वजनिक गोल्फ कोर्सों के बारे में बात करनी शुरू की थी। ट्रंप ने जून में सोशल मीडिया पर लिखा था, 'निर्माण पूरा होने के बाद यह कोर्स अमेरिकी ओपन, राइडर कप, पीजीए चैंपियनशिप और पीजीए टूर के अन्य प्रमुख टूर्नामेंटों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।'
विज्ञापन

ग्रीस में अमेरिकी राजदूत लेती थीं रिश्वत, हटाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विवादों में घिरीं ग्रीस में अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल से इस्तीफा मांग लिया है। उन पर पैसे, उपहार और अन्य फायदों के बदले ट्रंप प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंच उपलब्ध कराने और ग्रीस सरकार को धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केटी जकारिया ने मंगलवार को उनके इस्तीफा मांगे जाने की पुष्टि की।

पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन जो कुछ मीडिया में सामने आ रहा था, वह हमें पसंद नहीं आया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कारोबारी एरिक डिटर्स ने दावा किया कि राजदूत ने ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों से मिलाने के बदले उनका एक लाख डॉलर का क्रेडिट कार्ड बिल भरने की मांग की थी। पूर्व अभियोजक और ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पूर्व मंगेतर रहीं गिलफॉयल ने सभी आरोपों को खारिज किया है। 
 

अजरबैजान में स्कूलों में हिजाब पहनने पर पाबंदी

अजरबैजान ने स्कूल यूनिफॉर्म के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए स्कूल में हिजाब पहनने पर रोक लगा दी है। हालांकि, सरकार ने हिजाब पर नाम  लेकर स्पष्ट प्रतिबंध लगाने की घोषणा नहीं की है, लेकिन हिजाब पहनने छात्राओं को स्कूल में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। सरकार के इस फैसले का विरोध शुरू हो गया है। अजरबैजान में 96 फीसदी मुस्लिम आबादी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में अजरबैजान की कैबिनेट ने एक प्रस्ताव के जरिये स्कूल यूनिफॉर्म के नियमों में बदलाव किया। इसके तहत सरकारी सामान्य शिक्षा संस्थानों में एक सख्त धर्मनिरपेक्ष ड्रेस कोड लागू किया गया। इसमें स्कूल में ऐसे कपड़ों के पहनने पर रोक लगा दी गई है जिन्हें धर्मनिरपेक्ष शिक्षा के विपरीत माना जाता है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed