Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Indians on Next Year Hajj australian mantra chant west asia russia ukraine crisis pak china news

वर्ल्ड अपडेट्स: श्रीलंका में बसों की टक्कर, 5 की मौत और 50 घायल; बुल्गारिया में घने कोहरे के कारण सड़क हादसा

Tue, 10 Nov 2026 11:12 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 10 Nov 2026 11:12 PM IST
विज्ञापन
World Updates Indians on Next Year Hajj australian mantra chant west asia russia ukraine crisis pak china news
विदेश की समाचार सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला

श्रीलंका के उत्तर मध्य प्रांत में मंगलवार को तीन बसों की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना अनुराधापुरा जिले में ए9 हाईवे के मेदावाचिया-रामबेवा मार्ग पर हुई। हादसे में सरकारी 'श्रीलंका ट्रांसपोर्ट बोर्ड' की दो बसें और एक निजी बस शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, सरकारी परिवहन की दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही निजी बस भी टकरा गई। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले 19 अक्टूबर को भी श्रीलंका के मध्य स्थित कैंडी जिले में एक बहु-वाहन सड़क हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, वह दुर्घटना तब हुई थी जब एक सीमेंट मिक्सर ट्रक कई वाहनों और पैदल चल रहे लोगों से टकरा गया था। उस हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई थी। पुलिस ने उस दुर्घटना की वजहों की भी जांच शुरू की थी। गौरतलब है कि सितंबर में श्रीलंका पुलिस ने देशभर में एक सर्वे कराया था। पुलिस महानिरीक्षक प्रियंथा वीरासूर्या के मुताबिक इस सर्वेक्षण के बाद 712 जगहों की पहचान की गई थी, जहां सड़क दुर्घटनाओं का खतरा अधिक है।

विज्ञापन


घने कोहरे के कारण सड़क हादसा, बुल्गारिया में 12 लोगों की मौत
बुल्गारिया के पूर्वी हिस्से में मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण एक हाईवे पर दो भीषण सड़क हादसे हुए। इन दुर्घटनाओं में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री कात्या इवकोवा के मुताबिक, हादसे में 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई और दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कुल 46 घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे को दोनों दिशाओं में बंद कर दिया गया।
विज्ञापन


86 वाहन आपस में टकराए, जांच शुरू
हादसे में करीब 86 वाहन शामिल थे, जिनमें बड़ी संख्या में भारी ट्रक भी थे। दुर्घटनाएं सुबह करीब 7 बजे सोफिया से ब्लैक सी बंदरगाह बर्गास को जोड़ने वाले हाईवे पर विपरीत दिशाओं में हुईं। शुरुआती जांच में घना कोहरा, गीली सड़क और मौसम के अनुकूल गति नहीं रखना हादसे की वजह माना जा रहा है। बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव घटनास्थल पर पहुंचे। राष्ट्रपति इलियाना योतोवा ने भी पेरिस यात्रा बीच में छोड़कर स्वदेश लौटने का फैसला किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

6 जनवरी के दंगों का बोझ अपनी कब्र तक ढोएं ट्रंप: बाइडन

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने आगामी व्हाइट हाउस संस्मरण में डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि ट्रंप ने अपने प्रशासन के जरिए देश और दुनिया को भारी नुकसान पहुंचाया है। 83 वर्षीय डेमोक्रेट नेता बाइडेन ने किताब में लिखा है कि 2020 के चुनाव में हार को लेकर ट्रंप के वर्षों के झूठ और 6 जनवरी को कैपिटल हिल पर हुए हमलों का कलंक उनकी कब्र तक उनके साथ जाना चाहिए।बाइडन के इस तीखे संस्मरण का पहला अंश सोमवार को द अटलांटिक' में प्रकाशित हुआ है। 46वें अमेरिकी राष्ट्रपति की पूरी आत्मकथा 17 नवंबर को रिलीज होने वाली है। बाइडेन ने बताया कि हालांकि डॉक्टर उनके कैंसर के इलाज के जवाब से संतुष्ट हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह इस किताब के प्रचार से जुड़े कार्यक्रमों में सीमित रूप से ही हिस्सा ले पाएंगे

ट्रंप पर लगाए गंभीर आरोप
बाइडन ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद अमेरिकी कांग्रेस द्वारा नतीजों को प्रमाणित करने के दौरान ट्रंप समर्थकों द्वारा किए गए हमले का जिक्र करते हुए लिखा, डोनाल्ड ट्रंप ने एक तख्तापलट का नेतृत्व किया। उनका उद्देश्य अमेरिकी जनता द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने के बाद भी कुर्सी पर बने रहना था।

2027 में 1.75 लाख भारतीय करेंगे हज यात्रा
भारत और सऊदी अरब ने सोमवार को हज-2027 के लिए द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत अगले साल 1,75,025 भारतीय हज यात्रा कर सकेंगे। सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे पर गए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जेद्दा में सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल रबिया के साथ बैठक के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किए। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही बेहतर तालमेल और यात्रा से जुड़ी सुविधाएं मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों ने भारतीय यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। रविवार को रिजिजू ने जेद्दा में छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया था। यह कोटा आम तौर पर संबंधित देश की मुस्लिम आबादी के आधार पर निर्धारित होता है। भारत का कोटा 2014 में 1,36,020 था, जो 2025 में बढ़कर 1,75,025 हो गया। यह संख्या 2027 में भी समान रहेगी।

ऑस्ट्रेलिया से मां के साथ भारत आई बेटी को भाया मंत्र जाप

ऑस्ट्रेलिया की एक महिला अपनी बेटी को 18 महीने के लिए भारत लाईं, लेकिन यहां के अनुभवों ने दोनों की जिंदगी बदल दी। अब बेटी प्रतिदिन मंत्र का जाप करती है और परेशान होने पर दिव्य मां से प्रार्थना करती है। ऑस्ट्रेलिया के बायरन बे की रहने वाली ऐनी डरहम ने इंस्टाग्राम पोस्ट में यह अनुभव साझा किया। उन्होंने पोस्ट में बताया कि साल 2024 में वह अपनी बेटी को योग और अध्यात्म सिखाने के लिए भारत लाई थीं। इस दौरान वह दक्षिण भारत में अपने गुरु के आश्रम में रहीं। ऐनी के मुताबिक, बेटी भारतीय संस्कृति से प्रभावित हुई। अब वह अक्सर चुपचाप मंत्र जाप करती है या पूजा की वेदी के पास बैठती है। उसे भारत और यहां की संस्कृति से बहुत लगाव हो गया है। 

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर ड्रोन और आईईडी से हमले
बलूचिस्तान के मस्तुंग और कलात जिलों में पाकिस्तानी सेना पर कई ड्रोन और आईईडी हमले हुए हैं। इन हमलों में कई लोगों के हताहत होने और भारी नुकसान होने की खबर है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को मस्तुंग के खादकोचा इलाके में मुख्य सैन्य शिविर पर कम से कम दो ड्रोन से हमले किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी हताहत हुए हैं और सैन्य शिविर को भी नुकसान पहुंचा। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य घटना में कलात के मरजान इलाके में आईईडी हमले में पाकिस्तानी सेना का एक वाहन नष्ट हो गया। हालांकि, इन हमलों और वाहनों को जब्त करने के पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है और किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।

इस बीच, क्वेटा-ताफ्तान राजमार्ग पर चगाई के नोकचाह इलाके में हथियारबंद लड़ाकों ने सड़क जाम कर दो कमर्शियल वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि इनमें से एक वाहन में कीमती पत्थर ले जाए जा रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, ये घटनाएं 'बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स' (बीआरजी) की बलूचिस्तान के कच्छी जिले में एक ड्रोन हमले और सैन्य काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले की जिम्मेदारी लेने के एक दिन बाद सामने आई। इस हमले में पांच पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।

गाजा में इस्राइली हमले में चार की मौत 
मध्य पूर्व में मंगलवार को तनाव और बढ़ गया। गाजा में इजरायली हमलों और गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, यमन में रातभर हुए हवाई हमलों में एक गैस स्टेशन और तेल ठिकाने को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत और नौ लोग घायल हुए। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और स्थानीय निवासियों ने इसकी जानकारी दी। उधर, ईरान के एक शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि ईरान युद्ध ने अमेरिका को पहले ही बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने वॉशिंगटन से संघर्ष समाप्त करने के लिए तेहरान की सात मांगें स्वीकार करने को कहा।

अमेरिका में दीपावली को संघीय अवकाश बनाने का विधेयक फिर पेश करेंगी ग्रेस मेंग
अमेरिकी कांग्रेस सदस्य ग्रेस मेंग ने दीपावली को संघीय अवकाश घोषित करने के लिए ‘दीवाली डे एक्ट’ दोबारा पेश करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं और दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत के बीच इस त्योहार को मान्यता देना जरूरी है। विधेयक को 19 अन्य सांसदों का समर्थन प्राप्त है, जिनमें भारतीय-अमेरिकी सांसद अमी बेरा, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति, सुहास सुब्रमण्यम और श्री थानेदार शामिल हैं। यह विधेयक अमेरिकी कानून में संशोधन कर दीपावली को आधिकारिक संघीय छुट्टियों की सूची में शामिल करेगा। मंजूरी मिलने पर यह अमेरिका का 12वां संघीय अवकाश होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed