टिप्स: कार की हेडलाइट्स हो गई हैं पीली और धुंधली? बिना मैकेनिक के घर पर ही चमकाएं, जानें क्या है पूरा तरीका
- समय के साथ पीली पड़ती हैं हेडलाइट्स।
- धुंधले लेंस से घटती है विजिबिलिटी।
- पॉलीकार्बोनेट लेंस पर पड़ता है यूवी असर।
- घर पर कर सकते हैं हेडलाइट रीस्टोर।
विस्तार
कार की हेडलाइट्स का काम सिर्फ गाड़ी को बेहतर लुक देना नहीं, बल्कि रात के समय सड़क पर साफ देखने में भी मदद करना होता है, लेकिन समय के साथ कई बार कारों की हेडलाइट्स पीली या धुंधली पड़ने लगती हैं। इससे रोशनी की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है और रात में ड्राइविंग के दौरान सड़क देखने में परेशानी होती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए हर बार हेडलाइट बदलने या महंगे स्पेयर पार्ट्स खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप घर पर ही हेडलाइट्स का धुंधलापन दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं सफाई का पूरा तरीका क्या है...
क्यों पीली या धुंधली पड़ जाती हैं कार की हेडलाइट्स?
- कई रिपोर्ट के मुताबिक, आजकल ज्यादातर कारों की हेडलाइट्स के लेंस कांच के बजाय पॉलीकार्बोनेट प्लास्टिक से बनाए जाते हैं। यह प्लास्टिक हल्का होने के साथ मजबूत भी होता है। हालांकि, सूरज की रोशनी और उसकी अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों का इस पर असर पड़ता है।
- इसी से बचाने के लिए कंपनियां हेडलाइट्स पर एक प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाती हैं। यह कोटिंग लेंस को धूप की हानिकारक अल्ट्रा वायलेट यानी की यूवी किरणों और खराब मौसम से बचाने में मदद करती है, लेकिन लगातार धूप, गर्मी और धूल-मिट्टी के संपर्क में रहने से यह कोटिंग धीरे-धीरे खराब होने लगती है। इसके बाद प्लास्टिक ऑक्सिडाइज होकर पीला या धुंधला पड़ जाता है। इसी वजह से कुछ समय बाद हेडलाइट्स की चमक कम दिखाई देने लगती है।
धुंधली हेडलाइट्स से रात में ड्राइविंग में होती है परेशानी
- हेडलाइट्स का साफ होना सुरक्षा के लिहाज से भी जरूरी है। जब लेंस पर पीली या धुंधली परत जम जाती है, तो रोशनी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में रात के समय सड़क और आसपास की चीजें साफ देखने में परेशानी होती है।
- कम विजिबिलिटी की वजह से चालक को सामने आने वाले वाहन, सड़क पर मौजूद गड्ढे और अन्य बाधाएं देखने में देर हो सकती है। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए हेडलाइट्स को समय-समय पर साफ रखना जरूरी है।
घर पर कैसे करें कार की हेडलाइट्स साफ?
- अगर हेडलाइट्स पर सिर्फ धूल-मिट्टी जमी है, तो उन्हें पानी और डिटर्जेंट से साफ किया जा सकता है, लेकिन अगर धोने के बाद भी लेंस का पीलापन या धुंधलापन दूर नहीं होता, तो उसे रीस्टोर करने की जरूरत हो सकती है।
- इसके लिए बाजार में मिलने वाली हेडलाइट रीस्टोरेशन किट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें दिए गए सैंडपेपर और पॉलिश की मदद से लेंस को साफ किया जाता है। इसका तरीका इस तरह है।
1. सबसे पहले हेडलाइट्स को अच्छी तरह धोएं
- एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सबसे पहले कार की हेडलाइट्स को पानी और डिटर्जेंट से अच्छी तरह साफ करें। इससे उन पर जमी धूल और गंदगी हट जाएगी। इसके बाद लेंस को सूखने दें।
- अब हेडलाइट्स के चारों तरफ पेंटर्स टेप लगा दें। इससे सफाई और घिसाई के दौरान कार के पेंट पर खरोंच आने का खतरा कम रहेगा।
2. सैंडपेपर से हटाएं पीली परत
- हेडलाइट रीस्टोरेशन किट में दिए गए सैंडपेपर यानी रेगमाल की मदद से लेंस को धीरे-धीरे साफ करें। शुरुआत में मोटे सैंडपेपर का इस्तेमाल करके पीली परत हटाएं।
- इसके बाद पतले सैंडपेपर को गीला करके लेंस पर इस्तेमाल करें। इससे पहले स्टेप में बने खरोंचों के निशान कम करने में मदद मिलती है। इस प्रक्रिया को सावधानी से करें, ताकि लेंस को नुकसान न पहुंचे।
3. पॉलिश से वापस लाएं चमक
- सैंडपेपर से सफाई करने के बाद लेंस पर पॉलिश लगाएं। अब एक साफ कपड़े की मदद से इसे धीरे-धीरे रगड़कर साफ करें। इससे लेंस पर बचे निशान और धुंधलापन कम करने में मदद मिलती है।
- इस प्रक्रिया के बाद हेडलाइट्स पहले से ज्यादा साफ और चमकदार दिखाई दे सकती हैं।
4. आखिर में यूवी प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाएं
- हेडलाइट्स की सफाई के बाद उन पर यूवी प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाना बेहद जरूरी है। यह कोटिंग लेंस को सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से बचाने में मदद करती है।
- अगर रीस्टोरेशन के बाद यह कोटिंग नहीं लगाई जाती है, तो हेडलाइट्स कुछ ही महीनों में दोबारा पीली या धुंधली पड़ सकती हैं। इसलिए सफाई की प्रक्रिया में इस स्टेप को नजरअंदाज न करें।
कब मैकेनिक की मदद लेना जरूरी है?
- कई बार हेडलाइट्स का धुंधलापन बाहर की तरफ नहीं, बल्कि अंदरूनी हिस्से में नमी या गंदगी जमा होने की वजह से भी हो सकता है। ऐसे में बाहर से सैंडपेपर और पॉलिश लगाने से समस्या दूर नहीं होगी।
- अगर हेडलाइट के अंदर नमी जमा है या सफाई के बाद भी रोशनी ठीक नहीं हो रही है, तो मैकेनिक से जांच कराना बेहतर होगा। ऐसे मामलों में हेडलाइट को खोलने या उसकी मरम्मत कराने की जरूरत पड़ सकती है।
- ध्यान रखें कि हेडलाइट रीस्टोरेशन करते समय किट के निर्देशों का पालन करें। सही तरीके से सफाई और यूवी प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाने से हेडलाइट्स की चमक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
