इतालवी कंपनी एमवी अगस्ता बिकने को तैयार: आखिर क्यों आई ये नौबत? जानें भारतीय बाइक मालिकों पर क्या होगा असर
- एमवी अगस्ता को नया खरीदार चाहिए।
- 28 मिलियन यूरो का ऑफर मिला।
- 21 दिसंबर तक जमा होंगे ऑफर।
- बिकने के बाद भारतीय यूजर्स पर क्या होगा असर।
विस्तार
इतालवी सुपरबाइक निर्माता एमवी अगस्ता (MV Agusta) गंभीर वित्तीय संकट में घिर गई है और 2026 के अंत से पहले नया खरीददार तलाश रही है। कंपनी के भविष्य को लेकर चल रही चिंताओं के बीच भारत समेत दुनियाभर के सुपरबाइक शौकीनों और मौजूदा यूजर्स की टेंशन बढ़ गई है। आइए जानते हैं पूरे मामले को विस्तार से...
क्या है बिक्री पूरा मामला?
फिलहाल, कंपनी EUR 28 मिलियन (लगभग 255 करोड़ रुपये) के ऑफर पर है, जो एक अमेरिकी निवेश फर्म स्पोर्ट्स बैंक कैपिटल पार्टनर्स से मिला है। ऑफर जमा करने की अंतिम तारीख 21 दिसंबर 2026 है। बेहतरीन ऑफर न मिलने पर यह अमेरिकी ऑफर अपने आप पास हो जाएगा। इस डील को जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्यों आई ऐसी नौबत?
- दरअसल, यह पूरा मामला जानने के लिए इसकी पिछली कारोबारी स्थिति पर नजर डालना होगा। साल 2024 में ऑस्ट्रियाई कंपनी केटीएम ने एमवी अगस्ता में बहुमत हिस्सेदारी खरीदी थी, लेकिन इसके बाद केटीएम खुद वित्तीय संकट में फंस गई। ऐसे में नवंबर 2024 में एमवी अगस्ता को वापस इसके मूल मालिक सरदारोव परिवार (Sardarov family) को बेच दिया गया।
- इसके बावजूद कंपनी की मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। अगस्त 2026 से एमवी अगस्ता इटली की 'कंपोजिजियोन नेगोजियाटा डेला क्राइसी'(CNC) प्रक्रिया के तहत है। यह आर्थिक संकट से जूझ रही कंपनियों के लिए बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की व्यवस्था है।
- कंपनी में फिलहाल उत्पादन बंद है और कर्मचारियों को कम घंटों में काम कराया जा रहा है। ऐसे हालात में नए निवेशक की तलाश एमवी अगस्ता के लिए काफी अहम हो गई है।
दूसरे खरीदार भी लगा रहे हैं बोली
- अमेरिकी निवेश फर्म के अलावा इटली की निवेश कंपनी पैट्रिटालिया (Patritalia S.p.A.) भी एमवी अगस्ता को खरीदने में दिलचस्पी दिखा रही है। इस कंपनी ने इससे पहले डुकाटी को खरीदने की इच्छा भी जताई थी।
- पैट्रिटालिया का दावा है कि अगस्त में एमवी अगस्ता के साथ 215 मिलियन यूरो का शुरुआती समझौता हुआ था, लेकिन बाइक निर्माता ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके अलावा चीन की कंपनी सीएफमोटो के साथ भी बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों कंपनियों के बीच सौदा नहीं हो पाया। इसलिए अब यह देखना अहम होगा कि एमवी अगस्ता किस निवेशक पर भरोसा जताती है और नया मालिक कंपनी को संकट से निकालने के लिए क्या योजना बनाता है।
भारत में एमवी अगस्ता बाइक मालिकों पर क्या होगा असर?
भारत में एमवी अगस्ता की ब्रूटेल, ड्रैगस्टर और एफ3 जैसी बाइक्स पहले काइनेटिक के मोटोरॉयेल नेटवर्क के जरिए बेची जाती थीं, जिसके साथ कंपनी की साझेदारी 2020 में ही खत्म हो चुकी है। ऐसे में कंपनी के बिकने से भारतीय यूजर्स पर सीधा असर देखने को मिल सकता है...
- स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई में देरी: इटली में उत्पादन बंद होने और कंपनी के बिकने की प्रक्रिया के चलते भारत में मौजूद पुराने ग्राहकों को जरूरी स्पेयर पार्ट्स और बॉडी पैनल मंगवाने के लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
- सर्विस और मेंटेनेंस की चुनौती: देश में पहले से ही आधिकारिक डीलर नेटवर्क सीमित या निष्क्रिय है। मालिक बदलने तक सॉफ्टवेयर अपडेट, डायग्नोस्टिक टूल्स और टेक्निकल सपोर्ट मिलना और मुश्किल हो सकता है।
- रीसेल वैल्यू पर दबाव: जब किसी लग्जरी या एक्सोटिक बाइक ब्रांड का भविष्य अनिश्चित होता है, तो सेकंड-हैंड बाजार में उसकी रीसेल वैल्यू गिरने का खतरा बढ़ जाता है।
- नए खरीदार के लिए क्या उम्मीद: अगर जुलाई 2027 तक कोई मजबूत निवेशक ब्रांड को खरीदकर दोबारा पटरी पर लाता है, तो भविष्य में भारत में नए डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए कंपनी की वापसी और पार्ट्स की उपलब्धता सुधरने की उम्मीद बन सकती है।
