होंडा CB350C को कड़ी टक्कर देने आई ट्रायम्फ बोनविले T40: 350cc में कौन बेहतर? देखें इन दोनों बाइक्स की तुलना
नई ट्रायम्फ बोनविले T40 ने 350cc सेगमेंट में एंट्री कर ली है और इसका सीधा मुकाबला होंडा CB350C से है। दोनों बाइक्स अपने-अपने डिजाइन, परफॉर्मेंस और फीचर्स के साथ दमदार विकल्प पेश करती हैं, ऐसे में किसी एक को चुनना मुश्किल हो सकता है। अगर आप भी इन दोनों बाइक्स को लेकर कंफ्यूज हैं, तो कीमत, पावर, फीचर्स और हार्डवेयर के मामले में तुलना करके जानते हैं कि कौन सी बाइक किस मामले में आगे है।
विस्तार
ट्रायम्फ ने भारत में अपनी नई बोनविले T40 को 350cc मोटरसाइकिल सेगमेंट में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 2.80 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। बोनविले T40 के साथ कंपनी ने T40 ब्लैक और ज्यादा किफायती T4 वर्जन को भी लाइनअप में शामिल किया है। यह होंडा CB350C समेत 350cc सेगमेंट की दूसरी मोटरसाइकिलों काे सीधे टक्कर दे रही है। ऐसे में आइए कीमत से लेकर इंजन, पावर, फीचर्स और हार्डवेयर तक जानते हैं कि ट्रायम्फ बोनविले T40 और होंडा CB350C में कौन सी बाइक किस मामले में आगे है।
ट्रायम्फ बोनविले T40 बनाम होंडा CB350C: कीमत में कितना अंतर?
ट्रायम्फ बोनविले T40 की कीमत लगभग 2.80 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। वहीं होंडा CB350C की कीमत दो से 2.04 लाख के बीच है, जिसमें स्पेशल एडिशन भी शामिल है। यानी कीमत के मामले में होंडा CB350C, ट्रायम्फ बोनविले T40 से करीब 80 हजार तक सस्ती है। इस वजह से होंडा 350cc सेगमेंट में ज्यादा किफायती विकल्प बनकर सामने आती है।
इंजन और पावर में कौन आगे?
- बोनविले T40 में 350cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड टीआर सीरीज इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,000 rpm पर 29hp की पावर और 5,500 rpm पर 31.2Nm का टॉर्क पैदा करता है।
- इंजन के साथ राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। ट्रायम्फ ने इस रेट्रो मोटरसाइकिल में कुल पांच राइडिंग मोड भी दिए हैं। इनमें रोड, रेन और इको और दो ऐसे मोड शामिल हैं जिन्हें राइडर अपनी पसंद के हिसाब से कॉन्फिगर कर सकता है।
- वहीं होंडा CB350C में 348.36cc का एयर-कूल्ड, फोर-स्ट्रोक, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 5,500 rpm पर 21hp की पावर और 3,000 rpm पर 29.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
- कागजों पर देखें तो बोनविले T40 पावर और टॉर्क दोनों के मामले में होंडा CB350C से आगे है। ट्रायम्फ में 29hp पावर और 31.2Nm टॉर्क मिलता है, जबकि होंडा की बाइक 21hp और 29.5Nm आउटपुट देती है।
हार्डवेयर और सस्पेंशन में कौन आगे?
- ट्रायम्फ बोनविले T40 में 18-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर स्पोक्ड व्हील्स दिए गए हैं। सस्पेंशन सेटअप में आगे 43mm फ्रंट फोर्क्स और पीछे प्रीलोड एडजस्टमेंट वाले ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए बाइक में 310mm फ्रंट डिस्क और 255mm रियर डिस्क दी गई है।
- दूसरी तरफ होंडा CB350C में टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और ट्विन हाइड्रोलिक रियर शॉक्स मिलते हैं। ब्रेकिंग सिस्टम में 310mm फ्रंट डिस्क और 240mm रियर डिस्क के साथ 2-चैनल ABS दिया गया है। यानी दोनों बाइक्स में फ्रंट ब्रेक डिस्क का साइज समान है, जबकि बोनविले T40 में रियर डिस्क का साइज थोड़ा बड़ा है।
दोनों बाइक्स के डायमेंशंस में क्या अंतर?
- बोनविले T40 में 14.5 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। इसकी ग्राउंड क्लियरेंस 165mm और सीट हाइट 790mm है। बाइक का व्हीलबेस 1,418mm है, जो होंडा CB350C के 1,441mm व्हीलबेस से छोटा है।
- वहीं होंडा CB350C में 15.2 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक मिलता है। इसकी सीट हाइट 800mm है। दोनों मोटरसाइकिलों की ग्राउंड क्लियरेंस 165mm है। व्हील साइज में भी दोनों बाइक्स अलग हैं। ट्रायम्फ बोनविले T40 में 18-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर स्पोक्ड व्हील्स हैं, जबकि होंडा CB350C में 19-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर व्हील्स मिलते हैं।
फीचर्स में बोनविले T40 कितनी आगे?
ट्रायम्फ बोनविले T40 में फीचर्स की लंबी लिस्ट दी गई है। इसमें 4-इंच का सर्कुलर फुल-कलर TFT डिस्प्ले मिलता है। इसके अलावा बाइक में ट्रायम्फ नेविगेशन, क्रूज कंट्रोल, स्मार्टफोन और म्यूजिक कंट्रोल्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें लीन-सेंसिटिव कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल भी मिलता है। यानी ट्रायम्फ ने बोनविले T40 को सिर्फ रेट्रो डिजाइन वाली बाइक के तौर पर नहीं, बल्कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स के साथ पेश किया है।
होंडा CB350C में मिलते हैं ये फीचर्स
होंडा CB350C भी फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है। इसमें नेविगेशन, कॉल्स और म्यूजिक कंट्रोल के लिए होंडा रोडसिंक दिया गया है। इसके अलावा बाइक में HSTC, LED लाइटिंग, डुअल-चैनल ABS और असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच मिलता है। इस तरह होंडा CB350C में भी कनेक्टिविटी, सेफ्टी और राइडिंग से जुड़े कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
किसे चुनना बेहतर?
- दोनों बाइक्स 350cc सेगमेंट में मॉडर्न-क्लासिक डिजाइन और रोजमर्रा की राइडिंग के साथ अलग-अलग तरह का पैकेज पेश करती हैं। ट्रायम्फ बोनविले T40 ज्यादा पावरफुल इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स, पांच राइडिंग मोड, 4-इंच TFT डिस्प्ले, क्रूज कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स के साथ आती है। हालांकि इसकी कीमत करीब 2.80 लाख है।
- दूसरी ओर होंडा CB350C की शुरुआती कीमत दो लाख है और यह करीब ₹80 हजार तक सस्ती है। इसमें 348.36cc इंजन, 5-स्पीड गियरबॉक्स, Honda रोडसिंक , HSTC, LED लाइटिंग और डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं।
- इसलिए अगर प्राथमिकता ज्यादा पावर और ज्यादा आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स हैं, तो Bonneville T40 आकर्षक विकल्प बनती है। वहीं कम बजट में 350cc मॉडर्न-क्लासिक बाइक तलाशने वालों के लिए Honda CB350C ज्यादा किफायती विकल्प है।