वायरल: अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब, पत्तल के लिए मची लूट, 33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़े लोग
Viral Video: बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई है। शादी में उमड़ी बेतहाशा भीड़ के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। कहीं लोग खाने के लिए पत्तल के पीछे भागते दिखे तो कहीं घुड़दौड़ देखने के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गए।
विस्तार
बिहार में अनंत सिंह को कौन नहीं जानता। कोई उन्हें छोटे सरकार कहता है तो कोई बाहुबली नेता के नाम से पहचानता है। इन दिनों अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चा में हैं। यह शादी सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में लोगों का ध्यान खींच रही है। शादी में जिस तरह लोगों की भीड़ उमड़ी, उसे देखकर हर कोई हैरान है। सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे किसी शादी में नहीं बल्कि किसी बड़े चुनावी कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ा हो। दरअसल, अनंत सिंह की बेटी की शादी में लाखों लोगों के पहुंचने की चर्चा है। इस दौरान मेहमानों और बाकी लोगों के लिए बड़े स्तर पर खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा पहुंच गई कि इंतजाम संभालना मुश्किल हो गया। अब इसी से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
खाने के लिए पत्तल की भी पड़ गई कमी
शादी से सामने आए एक वीडियो में खाने के लिए लोगों की भीड़ लगी दिखाई दे रही है। हालात ऐसे नजर आ रहे हैं कि लोगों को खाना खाने के लिए पत्तल तक नहीं मिल रही। वीडियो में कुछ लोग पत्तल लेने के लिए धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। वहीं, व्यवस्था संभाल रहे लोग पत्तलों को दूर तक पहुंचाने के लिए हवा में उछालते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर लोग आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर अनंत सिंह की ओर से पर्याप्त व्यवस्था किए जाने के दावे के बीच इतनी भीड़ संभालना बड़ी चुनौती बन गया।
बाहुबली विधायक अनंत सिंह कि बेटी का भोज 10 लाख लोग भोज खाने आये है 😱 रात के 9 बजने वाले को और ठंडी का मौसम हैं लेकिन भीड़ कम नहीं हो रही है 🔥 https://t.co/yQfsyEwPqq
— Bihari Babu (@Biharibabu1431) November 25, 2026
10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा
शादी से जुड़ा एक और वीडियो चर्चा में है। इसमें दावा किया जा रहा है कि अनंत सिंह की बेटी की शादी के भोज में करीब 10 लाख लोग पहुंचे। हालांकि, इस संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, दूसरी रिपोर्टों में करीब चार लाख से अधिक लोगों के खाने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास की सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
घुड़दौड़ देखने के लिए जान जोखिम में डाल बैठे लोग
इस शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का बड़ा केंद्र रही। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि कुछ लोग बेहतर नजारा देखने के लिए पेड़ों और बिजली के खंभों पर चढ़ गए। वायरल वीडियो में कुछ लोग 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन वाले टावर पर भी बैठे नजर आ रहे हैं। यह नजारा देखकर लोगों की चिंता बढ़ गई। भीड़ बेकाबू होने के कारण घुड़दौड़ का मुकाबला भी बीच में रुकवाना पड़ा। अब शादी के इन वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं और सोशल मीडिया पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
