Biz Updates: पश्चिम एशिया में जारी तनाव से वैश्विक बाजारों पर जोखिम, भारत को लेकर रिपोर्ट में क्या? जानें
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर स्थिति, वैश्विक बाजारों के लिए निकट अवधि में जोखिम पैदा कर सकती है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
रिपोर्ट के अनुसार तनाव बढ़ने के बाद ऊर्जा बाजारों में तेज प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 13% और यूरोपीय प्राकृतिक गैस की कीमतों में 55% तक उछाल दर्ज किया गया। जेफरीज ने कहा कि यह बढ़ोतरी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के संभावित बंद होने की आशंका से जुड़ी है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग है। ऐसे किसी व्यवधान से भारत जैसे तेल आयातक देशों की आयात लागत और महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।
जनवरी 2026 में अधिकांश राज्यों में महंगाई 3% से नीचे: एसबीआई रिसर्च
एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 में नई सीपीआई शृंखला के तहत देश के अधिकांश राज्यों में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई दर यानी खुदरा महंगाई 3% से नीचे रही, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर कीमतों का दबाव सीमित दिखाई दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक कुछ ही राज्यों में महंगाई अपेक्षाकृत अधिक रही। तेलंगाना में सबसे ज्यादा 4.9% सीपीआई महंगाई दर्ज की गई, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। राज्यवार विश्लेषण से पता चलता है कि देश के अधिकांश बड़े राज्यों में महंगाई दर नियंत्रित बनी हुई है, हालांकि नई CPI शृंखला की तुलना पुराने आंकड़ों से करने पर राज्य स्तर पर महंगाई के रुझानों में कुछ बदलाव भी देखने को मिले हैं।
कमेंट
कमेंट X