फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Consumer protection authority begins suo motu action against 41 restaurants for levying service charge

बिना अनुमति सर्विस चार्ज वसूलने पर कार्रवाई: 41 रेस्तरां के खिलाफ CCPA का एक्शन, ग्राहकों को रिफंड का भी आदेश

Sun, 19 Jul 2026 09:01 PM IST
Pavan बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Sun, 19 Jul 2026 09:01 PM IST
सार

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने ग्राहकों के बिल में बिना अनुमति सर्विस चार्ज जोड़ने पर देशभर के 41 रेस्तरां के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की है। चायोस समेत कई रेस्तरां पर जुर्माना लगाया गया है और प्रभावित ग्राहकों को राशि लौटाने का आदेश दिया गया है। CCPA ने स्पष्ट किया कि सर्विस चार्ज देना पूरी तरह ग्राहकों की इच्छा पर निर्भर है और इसे अनिवार्य रूप से वसूलना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है।

विज्ञापन
Consumer protection authority begins suo motu action against 41 restaurants for levying service charge
41 रेस्तरां के खिलाफ CCPA का एक्शन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

रेस्तरां में ग्राहकों के बिल में बिना पूछे सर्विस चार्ज जोड़ने के मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। प्राधिकरण ने देशभर के 41 रेस्तरां के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। सीसीपीए ने कहा कि ग्राहकों की सहमति के बिना सर्विस चार्ज वसूलना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन और अनुचित व्यापारिक व्यवहार है।
विज्ञापन


उपभोक्ता मामलों के मंत्री ने दी जानकारी
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया पर बताया कि सर्विस चार्ज पूरी तरह स्वैच्छिक (वैकल्पिक) है। इसे देना या नहीं देना पूरी तरह ग्राहक की इच्छा पर निर्भर करता है। किसी भी रेस्तरां को इसे बिल में अपने आप जोड़ने का अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्तरां पर जुर्माना लगाया गया है और उन्हें भविष्य में बिल में स्वत: सर्विस चार्ज जोड़ना बंद करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- BAC: मानसून सत्र से पहले लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक, जानें किस विधेयक पर कितने घंटे होगी चर्चा
विज्ञापन
विज्ञापन


चायोस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना
सीसीपीए ने चायोस (सनशाइन टीहाउस प्राइवेट लिमिटेड) पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही कंपनी को प्रभावित ग्राहकों को वसूला गया सर्विस चार्ज वापस करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा चायोस को अपने सभी आउटलेट्स के सॉफ्टवेयर आधारित बिलिंग सिस्टम में बदलाव करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आगे से बिल में अपने आप सर्विस चार्ज न जुड़ सके।

इन रेस्तरां के खिलाफ भी आदेश
सीसीपीए ने निम्नलिखित रेस्तरां के खिलाफ भी अंतिम आदेश जारी किए हैं:
  • कैफे ब्लू बॉटल, पटना
  • चाइना गेट रेस्टोरेंट प्राइवेट लिमिटेड
  • फिएस्टा बारबेक्यू नेशन (बारबेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड)
  • FOO अहमदाबाद (पेबल स्ट्रीट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड)
  • एल'ओपेरा फ्रेंच बेकरी प्राइवेट लिमिटेड
  • जोरो – द लक्जरी नाइट क्लब (रुद्र हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड)

मंत्रालय ने कहा कि जिन अन्य रेस्तरां के खिलाफ शिकायतें मिली हैं, उनके मामलों की भी जांच जारी है।

शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) पर मिली शिकायतों के आधार पर की गई। जांच के दौरान ग्राहकों के बिलों से पता चला कि कई रेस्तरां ने बिना किसी स्पष्ट सहमति के सर्विस चार्ज जोड़ दिया था। सीसीपीए ने माना कि यह उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 2(47) के तहत अनुचित व्यापारिक व्यवहार है और 2022 में जारी सर्विस चार्ज संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी है।


दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले का भी मिला समर्थन
मंत्रालय ने बताया कि मार्च 2025 में दिल्ली हाईकोर्ट ने सीसीपीए के दिशा-निर्देशों को सही ठहराया था। अदालत ने स्पष्ट किया था कि रेस्तरां द्वारा अनिवार्य रूप से सर्विस चार्ज वसूलने का कोई कानूनी आधार नहीं है और सभी रेस्तरां को इन नियमों का पालन करना होगा।

क्या कहते हैं सीसीपीए के नियम?
जुलाई 2022 में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार:
  • रेस्तरां बिल में अपने आप सर्विस चार्ज नहीं जोड़ सकते।
  • सर्विस चार्ज को किसी दूसरे नाम से नहीं वसूला जा सकता।
  • ग्राहक पर सर्विस चार्ज देने का दबाव नहीं बनाया जा सकता।
  • सर्विस चार्ज देने से इनकार करने पर सेवा देने से मना नहीं किया जा सकता।
  • सर्विस चार्ज को खाने के बिल में जोड़कर उस पर GST नहीं लगाया जा सकता।

यह भी पढ़ें- मानसून सत्र: चढ़ावा चोरी से वांगचुक के मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष, अमित शाह पेश करेंगे कौन सा विधेयक?

शिकायत कैसे करें?
अगर किसी रेस्तरां में बिना अनुमति सर्विस चार्ज वसूला जाता है तो ग्राहक राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) के टोल-फ्री नंबर 1915 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या ऑनलाइन एनसीएच पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत कर सकते हैं। सीसीपीए ने कहा है कि वह आगे भी ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed