Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी में धातुओं की कीमतों में उछाल, चांदी 7% तो सोने की कीमत भी 1.24% बढ़ी
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को चांदी 7% बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.24% बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग इसे पीछे कारण बताया जा रहा है।
विस्तार
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कीमती धातुओं की कीमतों में तेज उछाल देखा गया। चांदी की कीमत 7 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलो हो गई, जबकि सोने की कीमत 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, यह तेजी वैश्विक बाजार में मजबूत रुझान और अमेरिका व ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण आई है।
स्थानीय बाजार में चांदी की कीमत 18,000 रुपये यानी 7.32 प्रतिशत बढ़कर 2,64,000 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) हो गई। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,950 रुपये यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बुधवार को सोने की कीमत 1,56,700 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
ये भी पढ़ें:- The Bonus Market Update: बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार; सेंसेक्स 1236 अंक टूटा, निफ्टी 25500 के नीचे
अंतरराष्ट्रीय का कैसा है हाल?
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 1.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.97 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ 4,991.24 डॉलर प्रति औंस पर था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक, सौमिल गांधी ने कहा कि सोने की कीमतों में तेजी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य कार्रवाई की अफवाहों के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से आई है।
ये भी पढ़ें:- Bangladesh: बकाया भुगतान विवाद पर स्पाइसजेट के लिए बांग्लादेश का एयरस्पेस बंद, लंबा रूट लेने को मजबूर उड़ानें
इसके अलावा, रूस-यूक्रेन के बीच नई वार्ता विफल होने से वैश्विक अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे निवेशक सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर अधिक पैसा लगा रहे हैं। वहीं ऑग्मोंट की शोध प्रमुख रेनीशा चैनानी ने कहा कि निवेशक अमेरिका के जीडीपी और व्यक्तिगत खर्च (पीसीई) मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। ये आंकड़े भविष्य में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों के निर्णय को प्रभावित कर सकते हैं। कुल मिलाकर, वैश्विक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सोना और चांदी निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प बनकर उभरी हैं।
अन्य वीडियो