फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Jio Platforms Share Debut: Mukesh Ambani Fights Back Tears as Akash, Isha, and Anant Outline 50-Year Vision

जियो: शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग पर क्यों भावुक हुए मुकेश अंबानी? जानें आकाश, ईशा और अनंत ने क्या बताया

Wed, 28 Oct 2026 03:13 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Wed, 28 Oct 2026 03:13 PM IST
सार

  • देश के सबसे बड़े 30,213 करोड़ रुपये के जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ की ऐतिहासिक लिस्टिंग पर 69 वर्षीय मुकेश अंबानी अपने बच्चों आकाश, ईशा और अनंत अंबानी के संबोधन के दौरान भावुक हो गए।
  • जब उनके तीनों बच्चों-आकाश, ईशा और अनंत अंबानी- ने मंच संभालकर पिता के त्याग, दूरदर्शिता और दादा धीरूभाई अंबानी की विरासत को याद किया, तो मुकेश अंबानी अपने आंसुओं को रोक नहीं सके और बार-बार अपनी आंखें पोंछते नजर आए।

विज्ञापन
Jio Platforms Share Debut: Mukesh Ambani Fights Back Tears as Akash, Isha, and Anant Outline 50-Year Vision
जियो के शेयरों के की लिस्टिंग के दौरान मुकेश अंबानी। - फोटो : amarujala.com

विस्तार

भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास में 30,213 करोड़ रुपये का देश का सबसे बड़ा आईपीओ पेश करने वाली कंपनी जिओ प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर ऐतिहासिक लिस्टिंग दर्ज हुई। जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार को अपने इश्यू प्राइस के मुकाबले 298.35 (+26.66%) रुपये की बढ़त के साथ 1417.35 के स्तर पर बंद हुए। 

विज्ञापन


एनएसई पर जियो के शेयरों की लिस्टिंग के मौके पर 69 वर्षीय अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ मौजूद रहे। जब उनके तीनों बच्चों-आकाश, ईशा और अनंत अंबानी- ने मंच संभालकर पिता के त्याग, दूरदर्शिता और दादा धीरूभाई अंबानी की विरासत को याद किया, तो मुकेश अंबानी अपने आंसुओं को रोक नहीं सके और बार-बार अपनी आंखें पोंछते नजर आए। यह पल केवल एक कॉरपोरेट उपलब्धि नहीं, बल्कि रिलायंस साम्राज्य में नई पीढ़ी के आधिकारिक नेतृत्व हस्तांतरण का एक भावुक और ऐतिहासिक पड़ाव साबित हुआ।

विज्ञापन

मुकेश अंबानी क्यों भावुक हो गए और समारोह में क्या हुआ?

जियो प्लेटफॉर्म्स के स्टॉक एक्सचेंज डेब्यू के दौरान मुख्य आकर्षण रिलायंस की नई पीढ़ी का संबोधन और मुकेश अंबानी की भावुक उपस्थिति रही। कंपनी को एक राष्ट्रीय कनेक्टिविटी दिग्गज के रूप में खड़ा करने के बाद मुकेश अंबानी ने आईपीओ की प्राथमिक बैठकों में कम प्रोफाइल रखते हुए अपने बड़े बेटे आकाश को आगे रखा था, और लिस्टिंग के दिन भी उन्होंने पूरा केंद्र बिंदु अपने बच्चों को दे दिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन


समारोह के दौरान जब बच्चों ने जियो की यात्रा के पीछे के त्याग और जिम्मेदारियों को साझा किया, तो मुकेश अंबानी बार-बार अपने आंसू पोंछते दिखे। कॉरपोरेट विश्लेषकों के अनुसार, यह समारोह केवल बाजार के फैसले तक सीमित नहीं था, बल्कि रिलायंस की नई पीढ़ी द्वारा एक साझा दृष्टिकोण और दायित्व को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने का अवसर था।

आकाश अंबानी ने जियो के भावी विजन पर क्या कहा?

रिलायंस जियो के चेयरमैन और जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी के भविष्य और निवेशकों के विश्वास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें रखीं:

  • 50 वर्षों के मूल्य निर्माण का वादा: आकाश अंबानी ने कहा कि आज की लिस्टिंग अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक शुरुआत है। उन्होंने कहा, "जो काम रिलायंस ने लगभग 50 वर्षों तक शेयरधारकों के लिए किया है, जियो अगले 50 वर्षों तक वही जारी रखेगा"।
  • विशाल ग्राहक आधार और रिकॉर्ड मांग: उन्होंने बताया कि स्वदेशी प्लेटफॉर्म्स आज 54 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं। आईपीओ प्रक्रिया के दौरान 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मांग मिली और मात्र 95 मिनट के भीतर इश्यू पूरी तरह भर गया।
  • तकनीक का नया चरण: उन्होंने साफ किया कि अगला चरण केवल सस्ते डेटा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग, कनेक्टेड डिवाइसेज, सैटेलाइट कनेक्टिविटी और नई डिजिटल सेवाओं का होगा।

ईशा और अनंत अंबानी ने रिलायंस की विरासत पर क्या कहा?

समारोह में ईशा अंबानी और अनंत अंबानी ने कंपनी की यात्रा को आम भारतीयों के सशक्तिकरण से जोड़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की गैर-कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने 1977 में रिलायंस के पहले आईपीओ को याद किया, जब ₹10 करोड़ के मूल्यांकन पर 2.82 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। उन्होंने कहा कि लगभग 50 साल बाद आम परिवारों को स्वामित्व देने का वह भरोसा आज पूरा हुआ है। उन्होंने भाई आकाश की मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि बीते 13 वर्षों में ऐसा एक दिन नहीं रहा जब आकाश आधी रात से पहले घर लौटे हों। उन्होंने जानकारी दी कि जियो ने वर्ष के दौरान लगभग 15.5 अरब डॉलर का राजस्व और 8 अरब डॉलर की कमाई दर्ज की है।

जियो प्लेटफॉर्म्स के निदेशक अनंत अंबानी ने कहा, "जियो आपने बनाया, आपके सपनों को पूरा करना ही हमारा सपना है"*। उन्होंने स्वयं और अपने भाई-बहनों को "तीन शरीर, लेकिन एक आत्मा" बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' विजन के प्रति आभार व्यक्त किया।

आईपीओ के आंकड़े और शेयर बाजार में प्रदर्शन कैसा रहा?

शेयर बाजार में मंदी के माहौल के बीच जिओ प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग ने निवेशकों को बड़ा मुनाफा दिया:

  • धमाकेदार डेब्यू: जियो के शेयर अपने आईपीओ भाव से 21.4 प्रतिशत ऊपर खुले और 23 प्रतिशत तक चढ़कर 1,375 रुपये के स्तर पर पहुंचे।
  • बाजार पूंजीकरण: इस तेजी के साथ कंपनी का बाजार मूल्यांकन 12.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जिससे यह रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई।
  • रिकॉर्ड सब्सक्रिप्शन: 30,213 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जिसमें एंकर प्लेसमेंट मिलाकर कुल मांग 7.4 लाख करोड़ रुपये दर्ज हुई और रिकॉर्ड 1.39 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए।

जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग न केवल भारत के पूंजी बाजार का एक नया रिकॉर्ड साबित हुई है, बल्कि रिलायंस समूह में पीढ़ियों के नेतृत्व परिवर्तन पर मुहर लगाती है। मुकेश अंबानी की मौजूदगी आकाश, ईशा और अनंत अंबानी की ओर से अगले 50 वर्षों के लिए लिया गया संकल्प दिखाता है कि रिलायंस की अगली पीढ़ी तकनीक, एआई और  कनेक्टिविटी के नए युग में कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तैयार है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed