हवाई सफर में यात्रा बीमा करता है कई मुश्किलों का हल
जेट एयरवेज संकट के साथ घरेलू विमानन क्षेत्र में जारी हलचल का सबसे ज्यादा नुकसान यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। हजारों लोगों के टिकट अचानक कैंसिल होने से न सिर्फ उनकी यात्रा रद्द हो सकती है, बल्कि पहले से कराए गए होटल, टैक्सी या अन्य सुविधाओं की बुकिंग के पैसे भी फंस जाएंगे।
विदेश यात्रा पर जाने वालों के लिए यह स्थिति कहीं ज्यादा नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में किसी आपात संकट के समय नुकसान से बचाने में यात्रा बीमा काफी कारगर साबित हो सकता है।
मुश्किल में मददगार
आप यात्रा पर अकेले हों या परिवार के साथ, लेकिन किसी मुश्किल समय में अनजान जगह या देश में उसका सामना करना आसान नहीं होता। ऐसी ही किसी स्थिति के लिए यात्रा बीमा मददगार साबित होता है। चाहे आपका पासपोर्ट खो जाए, दुर्घटना या बीमारी अथवा आपका टिकट रद्द हो जाए तो आर्थिक रूप से यह बड़े नुकसान से बचाने में कारगार होगा।
अधिकतर लोग छोटी यात्रा के लिए इस तरह का बीमा लेने से परहेज करते हैं, लेकिन यह बात याद रखनी चाहिए कि मुसीबत कभी बताकर नहीं आती और आपको ऐसी किसी स्थिति के लिए हमेशा तैयार रहना होगा।
हर जरूरत का अलग बीमा कवर
यात्री और यात्रा की जरूरतों को देखते हुए बीमा कंपनियां कई प्रकार के प्लान पेश करती हैं। इसमें घरेलू और विदेश यात्रा सहित कई कैटेगरी होती है।
घरेलू यात्रा बीमा:
यह बीमा देश के भीतर घूमने वाले यात्रियों को प्रदान किया जाता है। इसमें दुर्घटना, सामान खो जाना या चोरी हो जाना, मौत अथवा यात्रा में देरी की स्थिति में आर्थिक सहयता प्रदान की जाती है।
विदेशी यात्रा बीमा:
इसका लाभ विदेश यात्रा पर जाने वालों को मिलता है। इस दौरान आपका पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज खो जाए, विमान हाईजैक या अन्य कोई दुर्घटना अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर इसका लाभ मिलता है।
परिवार यात्रा बीमा:
इसमें विदेश यात्रा अथवा देश के भीतर यात्रा के समय पूरे परिवार को कवर किया जाता है। यात्रा के दौरान दुर्घटना, बीमारी, उड़ान रद्द होने या अन्य किसी तरह की असुविधा अथवा मुश्किल में हर सदस्य को इसका लाभ मिलता है।
छात्र यात्रा बीमा:
इस बीमा का लाभ उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले यात्रियों को मिलता है। इसमें यात्रा के समय किसी आपात स्थिति में मदद के साथ पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज खो जाने, मेडिकल कवरेज और अध्ययन संबंधी मुश्किलें आने पर आर्थिक मदद दी जाती है।
उम्र और जोखिम से तय होता है प्रीमियम
यात्रा बीमा में आपका प्रीमियम उम्र और यात्रा के जोखिमों के आधार पर तय होता है। आपके स्वास्थ्य की स्थिति का भी प्रीमियम पर असर पड़ता है। मसलन, आप परिवार सहित यात्रा पर जा रहे हैं तो सभी सदस्यों की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट देनी होती है और किसी भी सदस्य को इसमें परेशानी की स्थिति में आपका प्रीमियम ज्यादा हो सकता है।इसके अलावा आप जिस जगह जा रहे हैं, वहां के हालात और जोखिम भी प्रीमियम निर्धारण में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
जरूरत पड़ने पर ऐसे करें क्लेम
यात्रा के समय मुख्य पॉलिसी दस्तावेज और उसकी फोटोकॉपी साथ ले जाएं। अगर मूल दस्तावेज खो जाता है तो उसकी प्रति काम आ सकती है। इसकी एक काफी अपने फोन, ई-मेल, पेन-ड्राइव या लैपटॉप में भी जरूर रखें।आपात स्थिति में जरूरत पर कंपनी को दस्तावेज के साथ मेल करें और ग्राहक सेवा नंबर पर संपर्क करें। विदेश यात्रा के दौरान आपको कंपनी की ओर से वहां के स्थानीय कार्यालय या एजेंट का संपर्क नंबर दिया जाता है तो उसे तत्काल मदद के लिए सूचित करें। संपर्क के बाद समस्या और खर्च का विवरण सभी दस्तावेजों और प्रमाण सहित उपलब्ध कराएं।
सावधानी से करें बीमा का चुनाव
- -यात्रा बीमा लेने से पहले कंपनी की विश्वसनीयता परखना बेहद जरूरी है।
- -बीमा पर आने वाली लागत यानी प्रीमियम की तुलना करें और उचित उत्पाद चुनें।
- -क्लेम के बाद कंपनी आसानी से भुगतान करे इसलिए आपको पहले से उसका सेटलमेंट रेशियो जानना जरूरी है।
- -यात्रा खर्च और उसकी अवधि को देखकर भी प्रीमियम की राशि बढ़ती है, इसलिए जितना जरूरी हो उतने दिन की ही योजना बनाएं और खर्चे को सीमित रखें।
- -अगर बीच में यात्रा समाप्त करते हैं तो प्रीमियम वापस पाने संबंधी जानकारी पहले ही कंपनी से ले लें।
ये जानकारी बेहद जरूरी
- -बीमा लेने के बाद आप ट्रिप पर जाने से पहले इसे कैंसिल करा सकते हैं।
- -बीमा रद्द कराने पर कंपनी मामूली चार्ज लेकर प्रीमियम का बाकी पैसा लौटा देती है।
- -ऑनलाइन यात्रा बीमा खरीदना आसान और सस्ता होता है, क्योंकि इसमें किसी को कमीशन नहीं देना पड़ता।
- -यात्रा बीमा में पहले से रही बीमारी अथवा युद्ध जैसे नुकसान की भरपाई शामिल नहीं होती है।
- -यात्रा में एडवेंचर खेल या ऐसे अन्य मनोरंजन के दौरान दुर्घटना पर कंपनी क्लेम से इनकार कर सकती है।