राजा वड़िंग बोले- इंडिया गठबंधन से डर गई भाजपा, अभिनेता और क्रिकेटरों का कर रही इस्तेमाल
राजा वड़िंग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सीधे तौर पर बात नहीं कर रही बल्कि भारतीय क्रिकेटरों और अभिनेताओं समेत अन्य लोगों का इस्तेमाल कर रही है। आज से पहले उन्होंने यह क्यों नहीं कहा कि इंडिया टीम का नाम भारत रखा जाए।
विस्तार
राजपुरा से गुरुवार को 'चर्चा पंजाब की' कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा इंडिया गठबंधन से डर गई है, इसलिए नाम बदल रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया भी हमारा है और भारत भी।
राहुल गांधी पहले ही भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर चुके हैं और भारत को एकजुट करने की बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री न जाने क्यों इंडिया गठबंधन के बाद उनसे नफरत करने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी सीधे तौर पर बात नहीं कर रही बल्कि भारतीय क्रिकेटरों और अभिनेताओं समेत अन्य लोगों का इस्तेमाल कर रही है। आज से पहले उन्होंने यह क्यों नहीं कहा कि इंडिया टीम का नाम भारत रखा जाए। भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पता चल गया है कि अब देश की जनता उनकी बातें नहीं मानेगी।
कैप्टन का कांग्रेस में शामिल होने का रास्ता पूरी तरह बंद
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कुछ दिन पहले सोनिया गांधी के साथ मुलाकात के मुद्दे पर वड़िंग ने कहा कि कैप्टन साहब अब किसी से भी मिल लें लेकिन कांग्रेस में उनके लिए दरवाजे पूरी तरह से बंद हैं। इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता मिलटी कंबोज, बलदेव सिंह गदोमाजरा, नगर काउंसिल प्रधान नरिंदर शास्त्री, पूर्व उपाध्यक्ष काउंसिल अमनदीप सिंह नागी, पार्षद जगनंदन गुप्ता, पार्षद पवन पिंका, सहित अन्य पार्षदों के अलावा वरुण मूडेजा, धीरज कालरा समेत आसपास के गांवों से काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।