जीजा को सरेराह मार डाला: आंखें फोड़ीं, चाकू से किए वार, चार मिनट तक दो साले ढाते रहे कहर, लोग बनाते रहे वीडियो
प्रेम विवाह करने वाले जगजीत सिंह (25) की रविवार को दो युवकों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहन से प्रेम विवाह करने वाले जीजा को दो युवकों ने ऐसी खौफनाक मौत दी कि देखने वालों की रूह कांप जाए। तरनतारन के बस अड्डे के बाहर रविवार दोपहर अपने जीजा जगजीत सिंह उर्फ जग्गा (25) को घेरकर सड़क पर गिराया और चाकुओं से उसके चेहरे को गोद डाला।
करीब चार मिनट तक दोनों भाई उस पर चाकू बरसाते रहे। जगजीत के चेहरे पर चाकू के 83 वार किए गए और उसकी दोनों आंखें तक फोड़ दी गईं। युवक खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा लेकिन वहां से गुजर रहे लोग उसे बचाने के बजाय मोबाइल में इस खौफनाक वारदात का वीडियो बनाते रहे।
गांव कद्दगिल निवासी जगजीत सिंह का गांव नौरंगाबाद की युवती पिंकी से प्रेम प्रसंग था। युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। दोनों परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब एक माह पहले घर से भाग गए और प्रेम विवाह कर लिया। चार दिन पहले ही जगजीत अपनी पत्नी के साथ घर लौटा था। रविवार को उसकी सास उससे मिलने कद्दगिल आई थी। लौटते समय सुबह करीब 11:40 बजे जगजीत अपनी सास को मोटरसाइकिल पर बस अड्डे छोड़ने गया।
करीब 12:02 बजे बस अड्डे के बाहर लौटते समय उसके साले जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने उसे घेर लिया। दोनों के हाथों में चाकू थे। जगजीत की बाइक फुटपाथ पर गिरते ही दोनों ने उसे सड़क पर दबोच लिया और चाकुओं से हमला शुरू कर दिया।
हमलावरों ने उसके चेहरे पर एक के बाद एक 83 वार किए। आंखों पर भी चाकू से हमला किया। पूरा चेहरा खून से सन गया। करीब चार मिनट तक सरेराह हमला चलता रहा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दोनों के खिलाफ केस दर्ज गिरफ्तारी के लिए दबिश
सूचना मिलते ही डीएसपी (एच) जसपाल सिंह बहोडू, थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह विरदी और सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी गई है।