ट्राइसिटी में कोहरे का कहर: सुबह-शाम कड़ाके की ठंड, कई ट्रेनें लेट; आगे दो दिन भी घनी धुंध का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विस्तार
ट्राइसिटी में घनी धुंध का कहर शुरू हो गया है। धुंध के चलते चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ट्रेनों के परिचालन में भारी देरी दर्ज की गई। कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देर से चंडीगढ़ स्टेशन पर पहुंचीं।
विलंब के कारण यात्री परेशान हुए और ठंड में प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा और पूछताछ काउंटरों पर ट्रेन की स्थिति जानने के लिए भीड़ बढ़ गई। इस दौरान कई यात्रियों ने विरोध भी किया। 14217 प्रयागराज संगम–चंडीगढ़ जंक्शन एक्सप्रेस 11 घंटे 11 मिनट की अत्यधिक देरी से पहुंची। इस वजह से यात्री बेहद परेशान रहे। वहीं, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली सहित पिंजौर, कालका, रायपुररानी व अन्य इलाकों में सुबह-शाम बेहद ठंड हो रही है।
ऑरेंज अलर्ट जारी... दो दिन छाई रहेगी घनी धुंध
मौसम विभाग ने घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दो दिनों तक ट्राइसिटी में घनी धुंध छाए रहने की संभावना है। बुधवार को सुबह 6 बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक घनी धुंध देखने को मिला। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन के समय कुछ राहत रही लेकिन शाम होते ही फिर से कोहरा बढ़ गया। बाइक स्कूटी और ऑटो चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मौसम से आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है।
#WATCH | Punjab: Cold wave and a thick layer of fog engulf the city of Mohali, officially Sahibzada Ajit Singh Nagar (SAS Nagar), this morning. pic.twitter.com/3hrBirYuT3
— ANI (@ANI) December 18, 2025
बुधवार को दिन के समय धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन सुबह और शाम ठंड से लोग कांपते नजर आए। शाम को ठंड इतनी ज्यादा रही कि लोग समय से पहले ही घरों में सिमट गए। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में इसमें 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
प्रमुख ट्रेनों में देरी
12449 गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (मडगांव जंक्शन से चंडीगढ़) : 9 मिनट की देरी से आई
12057 नई दिल्ली–दौलतपुर चौक जनशताब्दी एक्सप्रेस : 19 मिनट लेट रही।
15011 लखनऊ जंक्शन–चंडीगढ़ एक्सप्रेस : 2 घंटे 2 मिनट देरी से पहुंची
22709 हजूर साहिब नांदेड़–अंब अंडौरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस : 3 घंटे 3 मिनट लेट पहुंची
15012 चंडीगढ़–लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 2 घंटे 2 मिनट लेट रही