Himachal Election Result: चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय में सन्नाटा, आम आदमी पार्टी का भी नहीं चला जादू
आप ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। आप के हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रभारी और पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस का कहना है कि बेशक हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला होने के कारण आप पिछड़ी है लेकिन पार्टी एक राष्ट्रीय दल के रूप में उभरी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा की हार से पार्टी के चंडीगढ़ स्थित पंजाब मुख्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। गुरुवार को कांग्रेस के पक्ष में रुझान आते ही भाजपा नेता पार्टी कार्यालय से गायब होते गए। गौर हो कि कई एजेंसियों के एग्जिट पोल सर्वेक्षण में भाजपा को बढ़त के संकेत थे। यही वजह रही कि गुरुवार सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था लेकिन सुबह 11:00 बजे तक जैसे-जैसे कांग्रेस के पक्ष में रुझान आते गए तो यहां से भीड़ छंटती गई। मगर पार्टी के कुछ लोग टीवी सेट पर देर शाम तक अपडेट लेते रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी की गुजरात में शानदार जीत से खुशी है लेकिन पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में हार से मायूसी है।
हिमाचल में नहीं चला आप का जादू
पंजाब में 92 सीट जीतकर विधानसभा पहुंची आम आदमी पार्टी का जादू हिमाचल में नहीं चल सका। गुजरात में भी आप महज पांच सीटों पर सिमट गई। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हिमाचल प्रदेश में कई जनसभाएं कीं। गुजरात में तो पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने करीब एक माह से डेरा जमा रखा था। बावजूद इसके आप को उम्मीद के अनुसार नतीजे नहीं मिल सके। हिमाचल प्रदेश में आप एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी।
आप ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। आप के हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रभारी और पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस का कहना है कि बेशक हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला होने के कारण आप पिछड़ी है लेकिन पार्टी एक राष्ट्रीय दल के रूप में उभरी है।
भाजपा की बी-टीम साबित हुई आप: खैरा
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी को विभाजित करने के लिए आप ने भाजपा की बी-टीम की भूमिका निभाई। अपने ट्विटर हैंडल पर खैरा ने लिखा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएगी लेकिन केजरीवाल का शून्य स्कोर दिखाता है कि कैसे उन्होंने पंजाब के लोगों के पैसे की कीमत पर गुजरात और हिमाचल प्रदेश में एंटी इनकंबेंसी वोटों को विभाजित करने में भाजपा की बी-टीम की भूमिका निभाई। बड़े-बड़े विज्ञापनों से चलाए अभियान के लिए पंजाब के लोगों का पैसा खर्च किया गया।