{"_id":"69bfc029d8675e14d30c0d29","slug":"15-deer-and-barking-deer-killed-in-dog-attack-at-sanjay-park-dfo-orders-inquiry-issues-notice-to-ranger-in-amb-2026-03-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंबिकापुर: संजय पार्क में कुत्तों के हमले में 15 हिरण-कोटरा की मौत, डीएफओ ने दिया जांच के आदेश, रेंजर को नोटिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंबिकापुर: संजय पार्क में कुत्तों के हमले में 15 हिरण-कोटरा की मौत, डीएफओ ने दिया जांच के आदेश, रेंजर को नोटिस
अमर उजाला नेटवर्क, अम्बिकापुर
Published by: Digvijay Singh
Updated Sun, 22 Mar 2026 04:00 PM IST
विज्ञापन
सार
सरगुजा जिला के अंबिकापुर में स्थित संजय पार्क में वन्यजीव सुरक्षा में गंभीर लापरवाही का मामला उजागर हुआ है। बाड़े की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के चलते आवारा कुत्तों के हमले में 15 हिरण एवं कोटरा की मौत हो गई।
15 हिरण-कोटरा की मौत
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
सरगुजा जिला के अंबिकापुर में स्थित संजय पार्क में वन्यजीव सुरक्षा में गंभीर लापरवाही का मामला उजागर हुआ है। बाड़े की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के चलते आवारा कुत्तों के हमले में 15 हिरण एवं कोटरा की मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वन मंडल अधिकारी (DFO) अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुल 15 वन्यजीवों की मौत हुई है। प्रारंभिक तौर पर इसे लापरवाही का मामला मानते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। एसडीओ के नेतृत्व में गठित जांच दल को दो दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, संजय पार्क में बनाए गए बाड़े में हिरण, कोटरा एवं बारहसिंगा रखे गए थे। शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे बाड़े का गेट खुला रह जाने से 4-5 आवारा कुत्ते अंदर घुस गए और जानवरों पर हमला कर दिया। इस हमले में 14 हिरणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हिरण ने उपचार के दौरान रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना के बाद शवों के निस्तारण को लेकर भी सवाल खड़े हुए। हालांकि डीएफओ ने स्पष्ट किया कि संजय पार्क जू नहीं, बल्कि रेस्क्यू सेंटर है, जहां उपचार के बाद वन्यजीवों को पुनः जंगल में छोड़ा जाता है। उन्होंने बताया कि सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कर वन्यजीव चिकित्सक की उपस्थिति में विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और एहतियातन पार्क को दो-तीन दिनों के लिए आमजन के प्रवेश हेतु बंद कर दिया गया है।
डिप्टी रेंजर सहित 4 कर्मचारी निलंबित, रेंजर को नोटिस
संजय पार्क में हिरणों की मौत के मामले में वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक, सरगुजा वनवृत्त, अंबिकापुर द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए चार अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि संबंधित रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में डिप्टी रेंजर अशोक कुमार सिन्हा, वनपाल ममता पोर्ते, वनपाल प्रतिमा लकड़ा एवं बीट गार्ड फुलमनी सिंह को निलंबित किया गया है। वहीं रेंजर अक्षपलक ऋषि को नोटिस जारी कर पांच दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।