दंतेवाड़ा में प्रेम कहानी का अंत: प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या, पेड़ से लटकती मिली लाश; प्यार के खिलाफ थे परिजन
बताया जा रहा है कि 12वीं क्लास में पढ़ने वाले एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के पास स्थित जंगल में दोनों का शव एक साथ पेड़ पर लटकता मिला।
विस्तार
दंतेवाड़ा जिले में रहने वाले एक प्रेमी जोड़े ने अपने प्यार को लेकर परिजनों से काफी फरियाद की। शादी करने की बात कही, लेकिन परिजन प्यार के खिलाफ थे। जिसके बाद शुक्रवार को प्रेमी जोड़े ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी लगते ही परिजनों के साथ ही पुलिस भी मौके पर आ पहुंची। जहां शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। पीएम के बाद शव को परिजनों को सौप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि 12वीं क्लास में पढ़ने वाले एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के पास स्थित जंगल में दोनों का शव एक साथ पेड़ पर लटकता मिला। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। हालांकि दोनों अलग-अलग स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। गांव में एक साथ दोनों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जावंगा गांव का रहने वाले 18 साल के एक लड़के को गांव की ही 17 साल की लड़की से प्यार हो गया था। दोनों एक-दूसरे से पिछले कई महीने से लगातार कॉन्टेक्ट में थे। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी भी करना चाहते थे। इस बात की जानकारी इनके परिजनों को भी मिली।
परिजन इन्हें एक-दूसरे से बातचीत करने से मना कर दिए और सिर्फ पढ़ाई में ध्यान देने कहा। इसी बात से खफा दोनों ने आत्महत्या करने का मन बना लिया। जिसके बाद शुक्रवार की दोपहर दोनों गांव के पास स्थित जंगल गए। जहां एक पेड़ में एक ही फंदे से लटककर दोनों ने अपनी जान दे दी। गांव के ही कुछ ग्रामीण जंगल गए हुए थे। उन्होंने दोनों के शव को देखा। फिर इसकी जानकारी परिजनों और गांव के अन्य ग्रामीणों को दी गई। साथ ही गांववालों ने पुलिस को भी खबर कर दी।
जिसके बाद गीदम थाना प्रभारी सलीम खाखा समेत अन्य जवान मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। शाम को दोनों के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। आज गांव में ही दोनों के शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, गीदम एसडीओपी आशा रानी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला था। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।