{"_id":"6aea9b7acfeb323b5a09be37","slug":"janjgir-two-arrested-in-indore-for-defrauding-an-elderly-man-of-32-lakh-in-digital-arrest-scam-2026-11-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"जांजगीर में 32 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी: सीबीआई अधिकारी बनकर बुजुर्ग को लूटा, दो आरोपी इंदौर से गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जांजगीर में 32 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी: सीबीआई अधिकारी बनकर बुजुर्ग को लूटा, दो आरोपी इंदौर से गिरफ्तार
Wed, 04 Nov 2026 08:12 AM IST
जांजगीर-चांपा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा
Published by: जांजगीर-चांपा ब्यूरो
Updated Wed, 04 Nov 2026 08:12 AM IST
सार
टेलीकॉम अथॉरिटी और सीबीआई अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में फंसाने का डर दिखाया और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 32 लाख रुपये ठग लिए। मामले की जांच करते हुए जांजगीर पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
डिजीटल अरेस्ट ठगी के मामले में दो आरोपी हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर थाना जांजगीर में दर्ज 32 लाख रुपये की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में पंजाब से एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार जांजगीर निवासी तुषारकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने टेलीकॉम अथॉरिटी और CBI अधिकारी बनकर उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया। आरोपियों ने उनके मोबाइल नंबर का कथित रूप से मनी लॉन्ड्रिंग में उपयोग होने और कोलाबा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही। इसके बाद CBI अधिकारी बनकर फोन किया गया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट किए जाने की बात कही गई।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता बुजुर्ग होने के कारण डर गए। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर उनसे 32 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पुलिस, CBI और टेलीकॉम अथॉरिटी के अधिकारी बनकर कॉल किए। कुछ दिनों बाद सभी नंबर बंद होने पर शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: जांजगीर-चांपा: पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, पदाधिकारियों पर कार्रवाई का विरोध
इंदौर से दो आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई थी। जांच में स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में रकम जाने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम इंदौर रवाना हुई, जहां से दो आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सौम्य जैसवार, पिता राजेश और देवराज अमकरे, पिता रघुवीर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने बैंक खातों में रकम प्राप्त होने की बात बताई। आरोपियों की निशानदेही पर बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल हैंडसेट गवाहों की उपस्थिति में जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।