सीजी: छठ महापर्व पर कुनकुरी को बड़ी सौगात, छठ तालाब के कायाकल्प पर खर्च होंगे 12 करोड़; सीएम ने किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व पर कुनकुरी में 15.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें छठ तालाब का कायाकल्प, पाथ-वे, खेल मैदान, योग स्थल और मल्टीपर्पस हॉल व सांस्कृतिक भवन का निर्माण शामिल है।
विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर कुनकुरीवासियों को बड़ी सौगात दी। जशपुर प्रवास के दौरान उन्होंने नगर पंचायत कुनकुरी में करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मल्टीपर्पस हॉल, सांस्कृतिक भवन और छठ तालाब का कायाकल्प शामिल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नगरों का विकास केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इन विकास कार्यों से कुनकुरी की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी। छठ महापर्व के अवसर पर इन कार्यों के भूमिपूजन से नगरवासियों में उत्साह रहा।
छठ तालाब का होगा कायाकल्प
भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में छठ तालाब का कायाकल्प प्रमुख है। इसके लिए 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से रिजुविनेशन कार्य कराया जाएगा। वहीं, 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये की लागत से तालाब का विकास किया जाएगा।
इन कार्यों के पूरा होने के बाद तालाब परिसर को आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। यहां पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योग स्थल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मल्टीपर्पस हॉल और सांस्कृतिक भवन का होगा निर्माण
नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक-1 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल और सांस्कृतिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस भवन से नगरवासियों को सामाजिक समारोहों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
यह भवन स्थानीय कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही नगर की सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। छठ तालाब के कायाकल्प और नई अधोसंरचना के निर्माण से कुनकुरी के विकास को नई दिशा मिलेगी।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का मुख्यमंत्री साय ने किया अनावरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। यह अनावरण जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में हुआ। उन्होंने बिरसा मुंडा के देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया। साय ने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उनकी प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता बताया। राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कुलपति आलोक चक्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
