इंग्लैंड टीम के मुख्य कोच बनने से चूके गैरी कर्स्टन, क्रिस सिल्वरवुड ने मारी बाजी
इंग्लैंड ने क्रिस सिल्वरवुड को अपना नया मुख्य क्रिकेट कोच नियुक्त किया है। सिल्वरवुड 2019 वर्ल्ड कप विजेता कोच ट्रेवर बेलिस की जगह लेंगे। बेलिस का अनुबंध पिछले महीने ही खत्म हो गया था।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन और सरे के क्रिकेट निदेशक एलेक स्टीवर्ट आस्ट्रेलिया के बेलिस की जगह लेने के दावेदार थे। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के तीन सदस्यीय पैनल ने हालांकि सिल्वरवुड का चयन किया जिन्हें उन्होंने 'असाधारण उम्मीदवार' करार दिया है।
गौरतलब है कि एशेज सीरीज के खत्म होते ही ट्रेविस बेलिस का कार्यकाल भी पूरा हो गया था। उनके बाद से ही इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड उन्हीं की टक्कर के नए कोच की तलाश कर रही थी, जो अब पूरी हो गई है। ट्रेवर बेलिस चार साल तक इंग्लैंड के कोच रहे थे।
बता दें कि क्रिस सिल्वरवुड इंग्लैंड टीम के मुख्य कोच पद स्थाई रूप से काम करने वाले दूसरे इंग्लिश खिलाड़ी हैं। सिल्वरवुड इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट क्लब एसेक्स के हेड कोच भी रह चुके हैं। इंग्लैंड के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी उन्होंने ओटिस गिब्सन की जगह ली थी। सिल्वरवुड ने 1996 से 2002 तक इंग्लैंड के लिए छह टेस्ट मैच और सात वनडे मैच खेले हैं।
बता दें कि सिल्वरवुड की पहली प्रतिस्पर्धी सीरीज इंग्लैंड का न्यूजीलैंड दौरा होगी, जिसमें नवंबर में पांच मैचों की टी-20 सीरीज के अलावा दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इंग्लैंड के पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक एश्ले जाइल्स ने हालांकि सिल्वरवुड को असाधारण उम्मीदवार करार दिया।