फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Independence Day: From Sachin to Kohli, Sports Stars Celebrate 80 Years of Freedom; Gambhir Message Wins Heart

खेल जगत ने यूं मनाया आजादी का जश्न: गंभीर के संदेश ने जीता दिल; सचिन-विराट से स्मिथ-केविन तक ने दीं शुभकामनाएं

Sat, 15 Aug 2026 01:56 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 15 Aug 2026 01:56 PM IST
सार

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर क्रिकेट और खेल जगत के दिग्गजों ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, गौतम गंभीर, रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ियों ने देशभक्ति के संदेश साझा किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और 2036 ओलंपिक के लिए राष्ट्रव्यापी टैलेंट हंट का एलान किया।

विज्ञापन
Independence Day: From Sachin to Kohli, Sports Stars Celebrate 80 Years of Freedom; Gambhir Message Wins Heart
कोहली, गंभीर और सचिन - फोटो : ANI

विस्तार

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से लेकर क्रिकेट और खेल जगत की हस्तियों के सोशल मीडिया संदेशों तक, हर जगह तिरंगे, आजादी और देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों ने भी इस खास मौके पर अपने-अपने अंदाज में देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन

सचिन, विराट और रोहित ने दीं खास शुभकामनाएं
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारतीय तिरंगे की तस्वीर साझा करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, 'स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!' पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी इंस्टाग्राम पर एक खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, 'स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। उस आजादी का जश्न मनाएं जो हमें एकजुट करती है, उस विविधता का जश्न मनाएं जो हमारी पहचान है और उन सपनों का जश्न मनाएं जो हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। आइए हम मिलकर ऐसा भारत बनाते रहें जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे। जय हिंद।'

वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की जर्सी में अपनी तस्वीर शेयर करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और पूर्व कप्तान मिताली राज ने भी सोशल मीडिया पर देशवासियों को बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

गंभीर का संदेश हुआ वायरल
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए बेहद छोटा लेकिन प्रभावशाली संदेश लिखा। उन्होंने कहा, 'उनका बलिदान। हमारी आजादी। हमारी जिम्मेदारी: भारत। जय हिंद।' गंभीर के इस संदेश को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। उन्होंने आजादी को केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी से जोड़ते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान जताया।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी लोगों से स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों को याद करने और मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। आइए आजादी की भावना का जश्न मनाएं, उन लोगों के बलिदान का सम्मान करें जिन्होंने हमें स्वतंत्रता दिलाई और एक मजबूत, अधिक एकजुट और प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान देते रहें। जय हिंद!' पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने तिरंगे को भारतीय पहचान से जोड़ते हुए शुभकामनाएं दीं, जबकि शिखर धवन ने टीम इंडिया की जर्सी में बिताए अपने गौरवशाली पलों को याद किया।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी ने खेलों को लेकर किया बड़ा एलान
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए खेलों पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह मजबूत कर रहा है और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। हम अक्सर अपना राष्ट्रगान सुनते हैं और तिरंगे को पोडियम पर लहराते देखते हैं। टॉप्स ने बड़ी सफलता हासिल की है। खेलो इंडिया गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, बीच गेम्स, विंटर गेम्स, खेल प्रशिक्षण, खेल चिकित्सा और खेल पोषण के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।' उन्होंने बताया कि 2030 में भारत राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि ओलंपिक में करीब 40 खेल और 325 से 350 स्पर्धाएं होती हैं, लेकिन भारत इनमें से लगभग दो-तिहाई स्पर्धाओं में हिस्सा नहीं ले पाता या क्वालिफाई नहीं कर पाता।

5 से 15 साल के बच्चों के लिए देशभर में टैलेंट हंट
पीएम मोदी ने 2036 ओलंपिक की तैयारी को लेकर राष्ट्रव्यापी प्रतिभा खोज अभियान का भी एलान किया। उन्होंने कहा कि देश के गांवों, शहरों और स्कूलों में 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा, 'हमने तय किया है कि 2036 के ओलंपिक में हमें कम से कम तीन-चौथाई स्पर्धाओं में हिस्सा लेना चाहिए। इसके लिए देश के हर कोने में 5 से 15 वर्ष के बच्चों की प्रतिभा पहचानने के लिए राष्ट्रव्यापी टैलेंट हंट शुरू किया जाएगा। उन्हें विश्वस्तरीय खिलाड़ी बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।'

अभिनव बिंद्रा ने हर बच्चे को खेल का मौका देने की बात कही
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने भी स्वतंत्रता दिवस पर खेलों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत के हर बच्चे को खेलने का अधिकार और अवसर मिलना चाहिए। बिंद्रा ने लिखा, 'मैं उस पल को कभी नहीं भूलूंगा जब मैं तिरंगे को ऊपर उठते हुए देख रहा था। इस स्वतंत्रता दिवस पर मेरी उम्मीद है कि भारत के हर बच्चे को खेलने का अधिकार और अवसर मिले। क्योंकि खेल खुशी है। खेल आजादी है और हर बच्चा दोनों का हकदार है।'

खेल संस्थानों और आईपीएल टीमों ने भी दी बधाई
हॉकी इंडिया, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया समेत कई खेल संस्थानों ने भी स्वतंत्रता दिवस पर संदेश साझा किए। आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी तिरंगे और देश की एकता को केंद्र में रखते हुए शुभकामनाएं दीं। आरसीबी ने आजादी के सफर को देश के लोगों के सपनों से जोड़ते हुए संदेश दिया, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने भारत के भविष्य और अपनी कहानी खुद लिखने की भावना पर जोर दिया। 

ग्रीम स्मिथ और पीटरसन ने क्या कहा?
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कहा, 'भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बेहद खास दोस्ती है और एसए20 के जरिए इस रिश्ते को बढ़ते देखना शानदार रहा है। बड़ी संख्या में भारतीय प्रशंसकों ने इस लीग को अपनाया है।' भारत और दुनियाभर में रहने वाले भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्मिथ ने कहा कि क्रिकेट में लोगों को एकजुट करने की अनोखी क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह खेल दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

स्मिथ ने कहा, 'भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैं देश और दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीयों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच इस खास रिश्ते का जश्न मनाता हूं।' वहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कहा, 'मेरे सभी भारतीय दोस्तों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! मुझे आपका देश बहुत पसंद है। यहां के सभी प्यारे लोगों से मुझे बहुत प्यार है। जय हिंद!'
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed