फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Jason Gillespie Hits Out at PCB, Says Board Still Owes Him Thousands of Dollars

जेसन गिलेस्पी ने खोली पाकिस्तान क्रिकेट की पोल: पीसीबी से कहा- अब भी देने हैं हजारों डॉलर; आकिब को क्यों घेरा?

Tue, 08 Sep 2026 02:58 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 08 Sep 2026 02:58 PM IST
सार

पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर उनके कार्यकाल में उन्हें कमजोर करने और जिम्मेदारियां छीनने का आरोप लगाया है। गिलेस्पी ने कहा कि PCB अब भी उनके हजारों डॉलर का भुगतान नहीं कर पाया है। उन्होंने आकिब जावेद की भूमिका और पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा हालात पर भी सवाल उठाए।

विज्ञापन
Jason Gillespie Hits Out at PCB, Says Board Still Owes Him Thousands of Dollars
जेसन गिलेस्पी - फोटो : @TheRealPCB

विस्तार

पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर एक बार फिर निशाना साधा है। गिलेस्पी ने आरोप लगाया कि उनके छोटे कार्यकाल के दौरान बोर्ड ने उन्हें कमजोर किया और टीम से जुड़े अहम फैसलों में उनकी भूमिका धीरे-धीरे कम कर दी गई। 'द टेलीग्राफ' से बातचीत में गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट की मौजूदा स्थिति पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट की स्थिति देखकर दुखी हैं और सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ बोलना जारी रखेंगे। उनका दावा है कि PCB पर अब भी उनके हजारों डॉलर बकाया हैं।
विज्ञापन


गिलेस्पी ने कहा, 'पीसीबी पर अब भी मेरे हजारों डॉलर बकाया हैं, लेकिन मैं कभी हां में हां मिलाने वाला व्यक्ति नहीं था। मैं अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करने वाला था। मैंने अपने पूरे करियर में ऐसा कभी नहीं किया और निश्चित तौर पर अब इसे बदलने वाला भी नहीं था।'
विज्ञापन


एक साल से भी कम रहा कार्यकाल
गिलेस्पी को दिसंबर 2024 में पाकिस्तान टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटा दिया गया था। उन्होंने एक साल से भी कम समय तक यह जिम्मेदारी संभाली। अब वह दावा कर रहे हैं कि पद से हटाए जाने के काफी समय बाद भी PCB की ओर से उनका भुगतान पूरा नहीं किया गया है। गिलेस्पी के मुताबिक, उन्हें अपनी बात खुलकर रखने की वजह से पद से हटाया गया। उनका कहना है कि वह चुप रहकर अपना वेतन लेते रह सकते थे, लेकिन ऐसा करना उनके सिद्धांतों और वर्षों में बनाई गई अपनी छवि के साथ समझौता होता।
विज्ञापन
विज्ञापन


आकिब जावेद पर लगाए गंभीर आरोप
गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा ढांचे में आकिब जावेद की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जावेद की नियुक्ति के बाद पाकिस्तान क्रिकेट के साथ उनका रिश्ता पूरी तरह बदल गया। गिलेस्पी ने कहा, 'मेरे साथ पूरी तरह अनादर किया गया और मुझे कमजोर किया गया। मैं इसके लिए आकिब जावेद को जिम्मेदार मानता हूं।' उन्होंने अपने अनुभव को मानसिक रूप से भी मुश्किल बताया। गिलेस्पी के मुताबिक, इस पूरे अनुभव ने उन्हें कोचिंग से दूर कर दिया और उन्हें खुद पर सवाल उठाने के लिए मजबूर किया।

तेज गेंदबाजी को बढ़ावा देने की थी योजना
गिलेस्पी ने बताया कि जब वह पाकिस्तान टीम के साथ जुड़े थे, तब उन्हें बताया गया था कि देश की तेज गेंदबाजी की संस्कृति को फिर से मजबूत करना योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा, 'जब मैं टीम के साथ जुड़ा, तो वे तेज गेंदबाजी को वापस लाना चाहते थे। जब मैंने यह भूमिका संभाली थी, तब मुझे यही बताया गया था।' इस योजना के तहत ऐसी पिचें तैयार करने की बात थी, जिनमें ज्यादा उछाल और गेंद के सीम करने की क्षमता हो, ताकि पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों को मदद मिल सके। गिलेस्पी ने कहा कि वह इस योजना को लेकर उत्साहित थे, लेकिन उनके मुताबिक, आकिब जावेद के चयनकर्ता बनने के बाद स्थिति बदल गई।

'आकिब ने सब कुछ अपने हाथ में ले लिया'
गिलेस्पी ने कहा, 'जावेद की नियुक्ति ने पूरी स्थिति बदल दी। उसी समय से पाकिस्तान क्रिकेट के साथ मेरा रिश्ता पूरी तरह बदल गया।' उन्होंने आरोप लगाया, 'आकिब आए और उन्होंने सब कुछ अपने हाथ में ले लिया। मुझे ऐसा लगा कि वह बिल्कुल हर चीज के प्रभारी थे।' गिलेस्पी के मुताबिक, शुरुआत में वह टेस्ट टीम, खिलाड़ियों और स्टाफ के प्रबंधन के साथ-साथ चयन प्रक्रिया में भी भूमिका निभा रहे थे। लेकिन बाद में उनकी जिम्मेदारियां लगातार कम कर दी गईं। उन्होंने कहा, 'मैं टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने, खिलाड़ियों और स्टाफ को देखने और चयन में भूमिका निभाने से लेकर ऐसी स्थिति में पहुंच गया, जहां किसी भी चीज में मेरी बिल्कुल कोई भूमिका नहीं रह गई।'

'आकिब ने अपनी नौकरी बचाए रखी'
एक अलग पॉडकास्ट में गिलेस्पी ने आकिब जावेद की मौजूदा भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'आकिब अब भी मुख्य चयनकर्ता हैं। उन्होंने अपनी नौकरी बचाए रखी है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट की मौजूदा स्थिति के लिए गैरी कर्स्टन और मुझे जिम्मेदार ठहराया है।' गिलेस्पी ने कहा कि वह और कर्स्टन करीब दो साल से पाकिस्तान क्रिकेट के साथ नहीं हैं। उन्होंने आकिब के कार्यकाल में टीम के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाया।


उन्होंने कहा, 'वह दो साल से मुख्य चयनकर्ता हैं और उन्होंने यह भी कहा है कि पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। नहीं, आकिब, मुझे माफ करना, ऐसा नहीं हुआ है। जब से आपने जिम्मेदारी संभाली है, पाकिस्तान तीनों प्रारूपों की रैंकिंग में नीचे गया है।' गिलेस्पी के ताजा आरोप ऐसे समय आए हैं जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रदर्शन को लेकर पीसीबी की ओर से आंतरिक जांच शुरू की गई है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान लगातार दो मुकाबले हार चुका है और इसके बाद टीम और मैनेजमेंट में बड़े बदलाव किए गए हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed