Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   kane-williamson-virat-kohli-conversation-before-retirement-reveals-reason

'ऐसा लगा जैसे आईने में खुद को देख रहा हूं': विलियमसन ने क्यों लिया संन्यास? फैसले से पहले कोहली से हुई थी बात

Mon, 09 Nov 2026 05:22 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 09 Nov 2026 05:22 PM IST
सार

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने खुलासा किया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से एक दिन पहले उन्होंने विराट कोहली से बातचीत की थी। उन्होंने इस बातचीत को आईने में खुद को देखने जैसा बताया। 

विज्ञापन
kane-williamson-virat-kohli-conversation-before-retirement-reveals-reason
केन विलियमसन-विराट कोहली - फोटो : ANI

विस्तार

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि संन्यास का एलान करने से एक दिन पहले उनकी भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से बातचीत हुई थी। इस बातचीत ने उन्हें अपने फैसले को लेकर स्पष्टता दी। विलियमसन ने कोहली के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे वह आईने में खुद को देख रहे हों।
विज्ञापन
Trending Videos

जून में किया था संन्यास का एलान
विलियमसन ने जून 2026 में अपने 16 साल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 19,346 रन दर्ज हैं, जिसमें 48 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में भी विलियमसन न्यूजीलैंड के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 9515 रन बनाए, जिसमें 33 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने से महज 485 रन दूर थे। इसके बावजूद उन्होंने संन्यास लेने का फैसला किया। वहीं, विराट कोहली ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था। उनके नाम इस फॉर्मेट में 9230 रन हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोहली से बातचीत के बाद संन्यास को लेकर हुआ फैसला
  • 'Between Two Beers Podcast' पर बातचीत के दौरान विलियमसन ने बताया कि संन्यास का ऐलान करने से एक दिन पहले उनकी विराट कोहली से काफी खास बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का क्रिकेट करियर काफी हद तक एक जैसा रहा है। लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना, कप्तानी की जिम्मेदारी संभालना और एक ही समय पर परिवार शुरू करना जैसी चीजों ने उन्हें एक-दूसरे से जोड़ा।
  • विलियमसन के मुताबिक, कोहली के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने अपने करियर, खेल के प्रति बदलते नजरिए और संन्यास से जुड़ी भावनाओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा, 'मैंने कई ऐसे लोगों से बात की, जिन पर मुझे भरोसा है और जो मेरे काफी करीब हैं। इसके बाद संन्यास का ऐलान करने से एक दिन पहले विराट के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई। ऐसा लग रहा था जैसे मैं आईने में खुद को देख रहा हूं। हमने इतने लंबे समय तक क्रिकेट में अपने अनुभव साझा किए।'
  • उन्होंने आगे कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने करियर में लगभग एक जैसी परिस्थितियों का सामना किया है। विलियमसन ने कहा, 'हमने लंबे समय तक कप्तानी की, एक ही समय पर बच्चे हुए और हमारा जीवन भी काफी हद तक समानांतर रहा। भले ही हम अलग-अलग देशों के लिए खेलते थे, लेकिन हमारे बीच एक खास रिश्ता था। हमने अपनी भावनाओं और खेल से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर बात की। फोन पर बातचीत खत्म होने के बाद जब मेरी पत्नी होटल के कमरे में आईं तो मैंने उनसे कहा कि अब संन्यास लेने का समय आ गया है।'
विज्ञापन

खेल के प्रति बदल रही थी सोच, इसलिए लिया संन्यास
विलियमसन ने बताया कि 16 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद उनके खेल के प्रति नजरिए और प्रेरणा में बदलाव आने लगा था। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक उनका लक्ष्य खुद को बेहतर बनाना और टीम के प्रदर्शन में सुधार करना रहा। हालांकि, समय के साथ व्यक्तिगत जीवन की प्राथमिकताएं भी बदलती हैं, जिसका असर खेल के प्रति सोच पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा, '16 साल तक हर दिन यही कोशिश रही कि मैं खुद को कैसे बेहतर बनाऊं और अपनी टीम को कैसे आगे ले जाऊं। आप लंबे समय तक ऐसा करते हैं और इस दौरान आपकी जिंदगी भी बदलती है। आप किसी चीज से लंबे समय तक प्यार करते हैं और उसे अपना सबकुछ देते हैं, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब आपको उसे छोड़ना पड़ता है।' उन्होंने आगे कहा कि वह ऐसे समय में खेल को अलविदा कहना चाहते थे, जब उनके अंदर क्रिकेट खेलने की वही पुरानी प्रेरणा मौजूद नहीं थी। वह केवल लोगों की उम्मीदों या बाहरी दबाव के कारण खेलना जारी नहीं रखना चाहते थे।

10 हजार टेस्ट रन कभी नहीं था लक्ष्य
  • विलियमसन ने यह भी साफ किया कि टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करना कभी उनका व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं रहा। उन्होंने कहा कि करियर के दौरान कई बार उनसे इस उपलब्धि को लेकर सवाल पूछे गए, लेकिन यह आंकड़ा कभी उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित नहीं करता था।
  • उन्होंने कहा, 'आप क्रिकेट इन वजहों से नहीं खेलते। विराट ने बातचीत के दौरान एक बात कही थी कि कभी-कभी खिलाड़ी दर्शकों के लिए खेलने लगते हैं। वह ऐसे कारणों से खेलना जारी रख सकते हैं, जो उनकी अपनी प्रेरणा नहीं होते। मेरे लिए जरूरी था कि मैं खेल के प्रति अपनी असली भावना को समझूं।'
  • विलियमसन ने आगे कहा, 'अगर शुरुआत से ही 10 हजार टेस्ट रन बनाना मेरा लक्ष्य होता तो शायद मैं इसके करीब भी नहीं पहुंच पाता। सफलता की परिभाषा क्या है? क्या यह औसत है या शतकों की संख्या? ये आंकड़े सफलता को मापने का एकमात्र तरीका नहीं हो सकते। मेरे लिए जरूरी था कि मैं अपने करियर को अपनी नजर से सफल मान सकूं।'
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed