फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting

क्या रोहित खेलेंगे 2027 विश्व कप: हार्दिक की वापसी कब? अगरकर की आखिरी चयन बैठक में लिए जा सकते हैं बड़े फैसले

Wed, 16 Sep 2026 06:25 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 16 Sep 2026 06:25 AM IST
सार

भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम चयन में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या पर खास नजर होगी। अगरकर की अध्यक्षता वाली यह आखिरी चयन बैठक होगी। रोहित के 2027 विश्व कप खेलने और हार्दिक की फिटनेस के अलावा विकेटकीपर, ऑलराउंडर और स्पिन विभाग में भी फैसले अहम होंगे।

विज्ञापन
Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
अगरकर क्या लेंगे फैसला? - फोटो : ANI

विस्तार

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम चयन कई बड़े सवालों के जवाब दे सकता है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाला चयन पैनल टीम चुनेगा और यह अगरकर की आखिरी चयन बैठक होगी, क्योंकि उनका कार्यकाल अक्तूबर की शुरुआत में खत्म होने वाला है। इस बैठक में सबसे ज्यादा नजर रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या पर रहेगी। एक तरफ रोहित के 2027 वनडे विश्व कप खेलने की इच्छा और उनके भविष्य को लेकर लगातार अलग-अलग संकेत मिलते रहे हैं, तो दूसरी तरफ हार्दिक लंबे समय से चोट के कारण प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। आइए जानते हैं कि इस बैठक में किन बड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है और फैसले लिए जा सकते हैं...
विज्ञापन

 

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
अगरकर की आखिरी चयन बैठक - फोटो : ANI
रोहित शर्मा के भविष्य पर क्या होगा फैसला?
2027 वनडे विश्व कप में अब एक साल से थोड़ा ज्यादा समय बचा है और रोहित शर्मा का भविष्य भारतीय क्रिकेट में बड़ा सवाल बना हुआ है। रोहित साफ कर चुके हैं कि वह इस विश्व कप में खेलना चाहते हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर लगातार स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है। इंग्लैंड दौरे के दौरान जुलाई में यह बात सामने आई थी कि चयनकर्ताओं ने रोहित को बताया था कि वे उनसे आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बाद में इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा था कि रोहित भारतीय टीम की वनडे योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।

रोहित के वनडे भविष्य पर चर्चा इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के बाद और तेज हुई। इस मुकाबले में उन्होंने 47 गेंदों पर 26 रन बनाए थे। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में उनके स्कोर 16, 48 और 79 रन रहे थे। ये प्रदर्शन बहुत खराब नहीं थे, लेकिन इन्हें भी पूरी तरह प्रभावशाली नहीं कहा जा सकता। हालांकि, उनका सबसे हालिया वनडे शतक लॉर्ड्स में आया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
रोहित शर्मा - फोटो : ANI
कप्तानी गई, लेकिन टीम में जगह बरकरार रहेगी?
रोहित की टीम में जगह पर अक्तूबर 2025 से ही सवाल उठते रहे हैं। चयन पैनल ने उन्हें हटाकर शुभमन गिल को भारत का वनडे कप्तान बनाया था। यह फैसला मार्च में रोहित की कप्तानी में भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के कुछ समय बाद आया था। ऐसे में बुधवार की चयन बैठक रोहित के भविष्य को लेकर कुछ स्पष्टता दे सकती है। अब तक इस सवाल पर अलग-अलग तरह के संकेत सामने आए हैं। 2027 विश्व कप करीब आने के साथ यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि चयनकर्ता आगे की वनडे टीम को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं।
विज्ञापन

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
हार्दिक पांड्या - फोटो : ANI
हार्दिक पांड्या की वापसी कब?
भारत के नंबर एक पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2026 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। लगातार चोटों के कारण उनकी वापसी में देरी हुई है। हार्दिक को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले ही उन्हें पैर में चोट लग गई। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस के लिए भी पीठ में ऐंठन के कारण चार मैच नहीं खेल पाए थे। इसके बाद वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस और कंडीशनिंग पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें एक और झटका लगा। अब हार्दिक का अगले सप्ताह फिटनेस टेस्ट होना है और उम्मीद है कि वह इसे पास कर लेंगे। हालांकि, उनकी अहमियत को देखते हुए चयनकर्ता उन्हें जल्दबाजी में वापस लाने से बच सकते हैं। हार्दिक को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारत-ए टीम में चुना गया है।

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
हार्दिक पांड्या-रोहित शर्मा (फाइल फोटो) - फोटो : ANI/BCCI
क्या इंडिया ए सीरीज से होगी वापसी?
हार्दिक के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की सीरीज वापसी का बेहतर मंच बन सकती है। पुडुचेरी में छह अक्तूबर से भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के मुकाबले शुरू होने हैं। चयनकर्ता फिलहाल हार्दिक को 50 ओवर के प्रारूप पर ध्यान केंद्रित करवाना चाहते हैं, टी20 अंतरराष्ट्रीय पर नहीं। इसकी वजह 2027 वनडे विश्व कप को प्राथमिकता देना है। हार्दिक की गैरमौजूदगी में विकल्पों को लेकर भी चयनकर्ताओं की परेशानी बढ़ी हुई है। नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर एशियाई खेलों के दल का हिस्सा हैं। वहीं बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे और शाहबाज अहमद चोटिल हैं।

ऐसे में चयनकर्ता टीम में मजबूती देने के लिए रवींद्र जडेजा के पास वापस जा सकते हैं। जडेजा पिछले एक साल में वनडे टीम का हिस्सा कभी-कभार ही रहे हैं। वह अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में नहीं खेले थे और जनवरी 2026 के बाद से इस प्रारूप में नहीं उतरे हैं। एक और विकल्प क्रुणाल पांड्या का है। वह 2025 और 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की दोनों आईपीएल खिताबी जीत में टीम के अहम खिलाड़ियों में रहे हैं।

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
पंत और जुरेल - फोटो : ANI
विकेटकीपर के लिए पंत या जुरेल?
विकेटकीपिंग में केएल राहुल पहली पसंद बने रहने की संभावना है, लेकिन ईशान किशन के एशियाई खेलों के दल में होने से दूसरे विकेटकीपर की जगह के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला हो सकता है। पंत ने दो साल से ज्यादा समय से कोई वनडे नहीं खेला है, जबकि जुरेल ने अभी तक इस प्रारूप में डेब्यू नहीं किया है। हालांकि, हाल के समय में जुरेल की बल्लेबाजी को लेकर चर्चा बढ़ी है। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका में नाबाद 115 रन बनाए थे। यह उनका दूसरा टेस्ट शतक था।

पंत या जुरेल में से कोई एक विकल्प मध्यक्रम के बैकअप बल्लेबाज की भूमिका भी निभा सकता है। भारत के एशियाई खेल अभियान की अगुआई करने के लिए श्रेयस अय्यर जापान में होंगे। जो खिलाड़ी वनडे टीम में जगह नहीं बना पाएगा, उसके पास भी शीर्ष स्तर की क्रिकेट में लौटने का ज्यादा इंतजार नहीं होगा। उन्हें जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में जगह मिलने की उम्मीद है। यह मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाना है।

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
कुलदीप यादव - फोटो : BCCI
कुलदीप यादव की लगातार तीसरे मैच में बारी?
काउंटी चैंपियनशिप में यॉर्कशायर के लिए 10 विकेट लेने के बाद कुलदीप यादव वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन मैच खेलने की स्थिति में हैं। हालांकि, अगर वह वरुण चक्रवर्ती के बैकअप या उनके विकल्प के तौर पर आखिरी समय में एशियाई खेलों के दल में शामिल होते हैं तो समीकरण बदल सकता है। फिलहाल वरुण की चोट अस्थायी लग रही है और उनके जापान जाने की पूरी संभावना है। वहीं 20 साल के लेग स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर विप्रज निगम भी टीम में जगह बनाने की दौड़ में बाहरी दावेदार हो सकते हैं। वह भारत ए सेटअप का हिस्सा रहे हैं और जून-जुलाई में श्रीलंका में निचले क्रम की बल्लेबाजी से प्रभावित कर चुके हैं।

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
कुलदीप और चहल - फोटो : PTI
क्या फिर दिखेगी 'कुल-चा' की जोड़ी?
चयनकर्ताओं के सामने युजवेंद्र चहल का विकल्प भी मौजूद है। अगर इंग्लैंड में उनके प्रदर्शन को वापसी के लिए पर्याप्त माना गया, तो भारत एक बार फिर 'कुल-चा' की पुरानी जोड़ी को साथ ला सकता है। चहल ने अगस्त 2023 के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है। वह वनडे कप में नॉर्थम्पटनशायर के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने सात मैचों में 15 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी रेट 4.56 रही है। इसके अलावा पिछले चार काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों में भी चहल ने 18 विकेट लिए हैं।

Rohit Sharma, Hardik Pandya in Focus as Ajit Agarkar Leads Last Selection Meeting
अगरकर की आखिरी चयन बैठक - फोटो : ANI
अगरकर की आखिरी बैठक में क्या होगा?
इस चयन बैठक में रोहित के भविष्य, हार्दिक की फिटनेस और उनकी वापसी के समय के अलावा ऑलराउंडर, विकेटकीपर और स्पिन विभाग को लेकर भी फैसले होने हैं। रोहित 2027 विश्व कप खेलना चाहते हैं, लेकिन उनके वनडे भविष्य को लेकर अब तक अलग-अलग संकेत मिले हैं। हार्दिक फिटनेस टेस्ट के बाद वापसी की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन चयनकर्ता उन्हें सीधे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतारने को लेकर सावधानी बरत सकते हैं। ऐसे में अगरकर की अध्यक्षता में होने वाली आखिरी चयन बैठक सिर्फ वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम चुनने तक सीमित नहीं होगी। इसमें 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी को देखते हुए कई अहम विकल्पों पर फैसला होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed