वनडे विश्व कप 2027 का शेड्यूल कब आएगा?: एक अक्तूबर को हो सकता है एलान, जानें किस प्रारूप में होगा टूर्नामेंट
आईसीसी और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका एक अक्तूबर को केपटाउन में 2027 वनडे विश्व कप का शेड्यूल जारी करेंगे। टूर्नामेंट दो अक्तूबर 2027 से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलेगा। 14 टीमों वाले टूर्नामेंट में 10 टीमें 30 सितंबर तक तय हो जाएंगी, जबकि चार टीमें क्वालिफायर से आएंगी।
विस्तार
विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें से 10 टीमों की पहचान 30 सितंबर की क्वालिफिकेशन कटऑफ तक हो जाएगी। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान होने के कारण पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। इसके अलावा आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर आठ टीमें विश्व कप में जगह बनाएंगी।
मौजूदा स्थिति में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश रैंकिंग के जरिए जगह बनाने की स्थिति में हैं। बांग्लादेश फिलहाल नौवें स्थान पर है, लेकिन तीसरे नंबर की दक्षिण अफ्रीकी टीम के मेजबान के तौर पर सीधे क्वालिफाई करने के कारण उसे रैंकिंग के जरिए जगह मिल जाएगी। वेस्टइंडीज को क्वालिफायर के जरिए विश्व कप में पहुंचना होगा। क्वालिफायर अगले साल की शुरुआत में खेले जाएंगे। चार अन्य टीमें भी इसी प्रक्रिया के जरिए मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाएंगी।
आईसीसी एक अक्तूबर को विश्व कप टिकटों के लिए बैलेट प्रक्रिया भी शुरू करेगा। हालांकि उस दिन टिकटों की सीधे खरीदारी नहीं की जा सकेगी। प्रशंसक टिकट बैलेट के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
तीन चरणों में होगा मुख्य टूर्नामेंट
2027 विश्व कप का प्रारूप पिछले विश्व कपों से अलग होगा। सेमीफाइनल और फाइनल से पहले टूर्नामेंट को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में 14 क्वालिफाई करने वाली टीमों में से सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमें सुपर सीरीज में राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी। इनमें शीर्ष पर रहने वाली टीम अगले चरण में पहुंचेगी। दूसरे चरण में 12 टीमें दो समूहों में बंटेंगी। दोनों समूहों में छह-छह टीमें होंगी और सभी टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले खेलेंगी। इस चरण में कुल 30 मैच होंगे। दोनों समूहों की शीर्ष तीन-तीन टीमें और दोनों समूहों में अगली सर्वश्रेष्ठ टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी।
सुपर-7 के बाद सेमीफाइनल और फाइनल
सुपर-7 चरण में कुल 21 राउंड-रॉबिन मैच होंगे। यहां शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से और दूसरे स्थान वाली टीम का मुकाबला तीसरे स्थान वाली टीम से होगा। दोनों सेमीफाइनल के विजेता 21 नवंबर 2027 को होने वाले फाइनल में विश्व कप खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
2023 विश्व कप का फॉर्मेट क्या था?
भारत में खेले गए 2023 वनडे विश्व कप में सिर्फ 10 टीमें शामिल थीं। फॉर्मेट बेहद सीधा था।
- सभी 10 टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेला।
- यानी हर टीम ने नौ लीग मैच खेले।
- अंक तालिका में शीर्ष-4 टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचीं।
- इसके बाद फाइनल खेला गया।
यानी नॉकआउट से पहले केवल एक ही लीग चरण था। कोई दूसरा राउंड नहीं था।
2027 विश्व कप में क्या नया होगा?
2027 में अब से 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन सभी टीमें सीधे ग्रुप स्टेज में नहीं पहुंचेंगी। आइए जानते हैं...
पहला स्टेज: सुपर सीरीज
14 टीमों में से आईसीसी रैंकिंग की सबसे निचली तीन टीमें सबसे पहले सुपर सीरीज खेलेंगी। यानी नए फॉर्मेट के तहत रैंकिंग में 12वें से 14वें स्थान पर रहने वाली तीन टीमें पहले 'सुपर सीरीज' खेलेंगी। इस चरण से केवल एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी, जबकि दो टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी।
- तीनों टीमें आपस में मुकाबले करेंगी।
- इनमें से सिर्फ एक टीम अगले चरण में पहुंचेगी।
- बाकी दो टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी।
यानी नाम तो 14 टीमों का होगा, लेकिन मुख्य प्रतियोगिता 12 टीमों के साथ शुरू होगी।
दूसरा स्टेज: ग्रुप स्टेज
सुपर सीरीज के बाद बची 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा।
- ग्रुप A- 6 टीमें
- ग्रुप B- 6 टीमें
हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से खेलेगी।
तीसरा स्टेज: सुपर-7
यही इस फॉर्मेट का सबसे बड़ा बदलाव है।
दोनों ग्रुप से:
- शीर्ष-3 टीमें सीधे सुपर-7 में पहुंचेंगी। यानी की इससे छह टीमें सुपर-7 की तय हो गईं।
- इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर रिकॉर्ड यानी पॉइंट या पॉइंट बराबर होने पर बेहतर नेट रन रेट वाली एक टीम भी क्वालिफाई करेगी।
- यह ठीक फीफा विश्वकप 2026 की तरह है कि हर ग्रुप से बेस्ट-2 टीमें नॉकआउट में तो जाती हैं, उसके अलावा चुनिंदा तीसरे स्थान की बेस्ट टीम नॉकआउट में पहुंची।
- ठीक उसी तरह सुपर-7 में छह टीमें तो पहुंचेंगी ही, साथ ही दोनों ग्रुप में जो टीम चौथे स्थान पर रहते हुए बेस्ट होगी, वो आगे बढ़ेगी और सुपर-7 में जाएगी।
यानी कुल सात टीमें सुपर-7 में खेलेंगी। इसमें एक दूसरे के खिलाफ सातों टीमें मैच खेलेंगी और अंक तालिका के आधार पर शीर्ष-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
चौथा स्टेज: सेमीफाइनल और फाइनल
- सुपर-7 की शीर्ष-4 टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी।
- सेमीफाइनल की विजेता टीमें फाइनल में भिड़ेंगी।