{"_id":"6ad8afe4ce833b7c1705fd63","slug":"traffic-advisory-for-third-surajkund-diwali-utsav-mela-from-october-23-to-26-2026-10-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"फरीदाबाद जाने वाले ध्यान दें: सूरजकुंड में 23 से 26 अक्तूबर तक दिवाली मेला, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फरीदाबाद जाने वाले ध्यान दें: सूरजकुंड में 23 से 26 अक्तूबर तक दिवाली मेला, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
Wed, 21 Oct 2026 07:01 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 21 Oct 2026 07:01 PM IST
सार
फरीदाबाद के सूरजकुंड में चार दिनों के लिए दिवाली मेला लगने जा रहा है। जो 23 अक्तूबर से शुरू होगा। मेले के लिए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मेले के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विज्ञापन
सूरजकुंड दिवाली मेला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीसरे सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेले को लेकर यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर निर्धारित मार्गों पर सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
विज्ञापन
वहीं, मेले में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
विज्ञापन
पुलिस उपायुक्त एनआईटी एवं यातायात उत्तम के मार्गदर्शन में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस के अनुसार, पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर, अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर और प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी।
विज्ञापन
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
गुरुग्राम और पाली चौक की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चालक सैनिक कॉलोनी मोड़, मस्जिद चौक, प्याली चौक और बाटा चौक होते हुए मथुरा रोड (एनएच-19) का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से फरीदाबाद आने वाले वाहन चालकों को सूरजकुंड की ओर जाने के बजाय बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते शहर में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। एनएचपीसी चौक से फरीदाबाद शहर आने वाले वाहन चालकों को भी सूरजकुंड मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
चार स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। वीवीआईपी पार्किंग धन्तेश्वरी गेट और होटल राजहंस के पास बनाई गई है। सामान्य पार्किंग के लिए होटल गोल्ड फिंच के सामने चार एकड़ भूमि, होटल ताज विवांता के सामने, होटल ताज विवांता के साथ लगती भूमि और सूरजकुंड गोल चक्कर के पास नगर निगम की भूमि निर्धारित की गई है।
सड़क पर वाहन खड़े करने पर जाम की आशंका
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने से बचें और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भी संभव हो तो सूरजकुंड मार्ग से बचकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इससे मेले में आने वाले लोगों के साथ आम वाहन चालकों को भी जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।