पलवल में खूनी बदला: मां के हत्यारे को मार थाने पहुंचा देवा, SHO के सामने कट्टा रखकर कहा- पकड़ लो, बदला ले लिया
Surrendered at Palwal police station: पलवल में मां की हत्या का बदला लेने के आरोप में युवक ने एसएचओ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने शनिवार रात सुरेश कुमार की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैंप थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में शनिवार रात सुरेश कुमार (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने पहले सुरेश के सीने में गोली मारी और फिर चाकू से गोदा। सुरेश वर्ष 2023 में हुई दुष्यंत उर्फ देवा की मां की मौत के मामले में आरोपी था। वह करीब पांच माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। वारदात के बाद मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ देवा कैंप थाने पहुंचा और एसएचओ की मेज पर कट्टा रखकर बोला-मां की हत्या का बदला लेकर आया हूं, पकड़ लो।
सुरेश की पत्नी सुबिना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अगस्त की रात वह बच्चों के साथ घर में थी। उसके पति सुरेश घर के सामने नाले के पास बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा, उसका मामा देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा वहां पहुंचे। आरोपियों ने सुरेश के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। शोर सुनकर सुबिना गेट के पास पहुंची तो उसने देखा कि दुष्यंत और देवेंद्र सुरेश पर हमला कर रहे थे।
इसी दौरान सुरेश को गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद चाकू से हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबिना ने डर के कारण घर का दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेश को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या समेत अन्य धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सब-इंस्पेक्टर सुमित मामले की जांच कर रहे हैं। मुख्य आरोपी दुष्यंत पुलिस की हिरासत में है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में है।
तीन साल पहले रंजिश में हुई थी दुष्यंत की मां की मौत
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में सुरेश कुमार और दुष्यंत उर्फ देवा के परिवारों के बीच स्पीड ब्रेकर को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दुष्यंत की मां की मौत हो गई थी। इसके बाद इस मामले में सुरेश कुमार और उसके पुत्र को आरोपी बनाया गया था। दोनों करीब दो साल तक जेल में रहे और करीब पांच माह पहले जमानत पर बाहर आए थे।
कट्टे में एक गोली लोड थी, तीन कारतूस भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दुष्यंत उर्फ देवा कैंप थाने पहुंचा। उसके पास कट्टा और तीन कारतूस थे। उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मां की मौत हुई थी। उसका आरोप है कि इस मामले में सुरेश और अन्य लोग जिम्मेदार थे। उसी का बदला लेने के लिए उसने सुरेश की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार कब्जे में ले लिया। कट्टे में एक गोली लोड मिली।