{"_id":"6addb03a3a8e41a2010b0adf","slug":"first-shift-of-the-pet-examination-was-held-at-44-exam-centers-in-ghaziabad-2026-10-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजियाबाद: पीईटी में जीएस ने उलझाया, गणित के चार्ट में भी अटके अभ्यर्थी, 44 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजियाबाद: पीईटी में जीएस ने उलझाया, गणित के चार्ट में भी अटके अभ्यर्थी, 44 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
Sun, 25 Oct 2026 01:01 PM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sun, 25 Oct 2026 01:01 PM IST
सार
अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर अलग-अलग अनुभव साझा किए। कुछ अभ्यर्थियों को पेपर आसान लगा, जबकि कई ने पिछले दो बार की तुलना में इस बार प्रश्नपत्र को कठिन बताया।
विज्ञापन
पीईटी परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गाजियाबाद में बनाए गए 44 परीक्षा केंद्रों पर रविवार सुबह 10 बजे से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की पहली पाली शुरू हुई। दोपहर 12 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर अलग-अलग अनुभव साझा किए। कुछ अभ्यर्थियों को पेपर आसान लगा, जबकि कई ने पिछले दो बार की तुलना में इस बार प्रश्नपत्र को कठिन बताया। अभ्यर्थियों के अनुसार सामान्य अध्ययन (जीएस) और करेंट अफेयर्स के सवालों ने अधिक उलझाया। वहीं, गणित में आंकड़ों की व्याख्या (डीआई) से जुड़े सवालों में भी कुछ अभ्यर्थियों को परेशानी हुई।
विज्ञापन
रामपुर से आए गणेश ने बताया कि गणित का हिस्सा आसान था, लेकिन इतिहास के कुछ सवालों में थोड़ा समय लगा। करेंट अफेयर्स में हालिया घटनाओं से जुड़े सवाल पूछे गए। अमरोहा से आए अनुज ने कहा कि करेंट अफेयर्स के सवाल कुछ कठिन लगे। मुजफ्फरनगर निवासी मोनू शर्मा ने बताया कि वह पहले भी दो बार परीक्षा दे चुके हैं। इस बार का पेपर पहले की तुलना में कठिन लगा। वह मुरादनगर में शिक्षक हैं। उनके अनुसार सामान्य अध्ययन का हिस्सा ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा।
विज्ञापन
अभ्यर्थियों के मुताबिक करेंट अफेयर्स में 2025-26 की घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रश्नपत्र में इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान और पर्यावरण से संबंधित सवाल भी शामिल थे। संविधान के प्रावधानों, ऐतिहासिक घटनाओं और प्रमुख संस्थानों से जुड़े प्रश्नों के साथ हिंदी व्याकरण और गद्यांश पर आधारित सवाल भी पूछे गए। गणित और तर्कशक्ति के हिस्से में प्रतिशत, अनुपात, औसत, कोडिंग-डिकोडिंग, रक्त संबंध और आंकड़ों पर आधारित प्रश्न शामिल थे।
विज्ञापन
मथुरा से परीक्षा देने आए कुशल पाल ने बताया कि वह पहली बार पीईटी में शामिल हुए हैं। वह सुपर टीईटी की तैयारी कर रहे हैं। उनके अनुसार हिंदी आसान थी, लेकिन जीएस कठिन लगी। उन्होंने करीब 70 सवाल सही होने का अनुमान जताया। बरेली से आए गौरव ने बताया कि उन्हें पेपर आसान लगा, हालांकि गणित में चार्ट से जुड़े कुछ सवालों में उलझन हुई। वसुंधरा निवासी मनीका चौधरी ने बताया कि शारीरिक परेशानी के बावजूद उन्हें परीक्षा देने में कोई खास दिक्कत नहीं हुई और प्रश्नपत्र आसान लगा।