डीजे के शोर से छोड़ना पड़ घर: गाजियाबाद में तेज आवाज गानों से परेशान महिला ने फ्लैट छोड़ा, होटल में ली शरण
ड्रीम होम्स सोसाइटी में देर रात तेज डीजे से परेशान असावरी मीनाक्षी को होटल जाना पड़ा। पुलिस के समझाने के बाद भी आयोजकों ने डीजे बंद नहीं किया। पीड़िता ने डांडिया आयोजकों के खिलाफ शिकायत दी है, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी क्षेत्र के ड्रीम होम्स सोसाइटी में रविवार को देर रात तक बजते तेज आवाज वाले डीजे और उसमें बजाए जा रहे गानों से परेशान होकर एक महिला निवासी को रात में अपना फ्लैट छोड़कर होटल में शरण लेने पर मजबूर होना पड़ा। इस संबंध में पीड़िता ने थाना वेव सिटी पुलिस को शिकायत देकर डांडिया आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोसाइटी के टॉवर टी-7, क्लब हाउस के पीछे आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देर रात तक काफी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पीड़िता असावरी मीनाक्षी पत्नी प्रशांत मिश्रा निवासी टी-7 ड्रीमहोम के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आयोजकों से आवाज कम करने को कहा, लेकिन पुलिस के जाते ही निर्धारित समय सीमा के बाद भी फिर से बहुत तेज आवाज में डीजे बजाया जाने लगा।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 'डांडिया नेस्ट' के नाम पर अश्लील भोजपुरी गाने और आइटम सॉन्ग्स बहुत तेज आवाज में बजाए जा रहे थे। आयोजकों द्वारा जागरण के नाम पर डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा था, लेकिन उसमें बज रहे गानों के कारण उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। देर रात तक लगातार हो रहे शोर और गानों के कारण पीड़िता को गंभीर मानसिक तनाव, मानसिक आघात और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति से तंग आकर उन्हें मजबूरी में अपना फ्लैट छोड़कर रात में होटल में जाकर रहना पड़ा। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता असावरी मीनाक्षी पत्नी प्रशांत मिश्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी डांडिया आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।