OUHS PG Exam 2026: पेपर लीक विवाद के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, कड़े इंतजामों के बीच हुई मेडिकल पीजी परीक्षा
Medical PG Exam 2026: ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) ने एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमडी/एमएस परीक्षा-2026 का तीसरा थ्योरी पेपर आयोजित किया। परीक्षा में 154 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Medical PG Exam 2026: ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) ने शनिवार को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमडी/एमएस (PG) परीक्षा-2026 का तीसरा थ्योरी पेपर आयोजित किया। सुबह 10 बजे शुरू हुई यह परीक्षा तीन घंटे तक चली, जिसमें कुल 154 छात्रों ने हिस्सा लिया।
दरअसल, 27 जुलाई को परीक्षा के दूसरे पेपर के प्रश्न सोशल मीडिया पर लीक होने के आरोप सामने आए थे। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। OUHS के कुलपति मानस रंजन साहू के निर्देश पर एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के डीन और प्राचार्य हरि कृष्ण दलाई परीक्षा समाप्त होने तक परीक्षा हॉल में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
मोबाइल और गैजेट्स पर पूरी तरह रोक
दलाई ने कहा, "आज की परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।" उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। 2023-26 बैच की पोस्टग्रेजुएट परीक्षा 21 जुलाई को शुरू हुई थी। तीन थ्योरी पेपर की परीक्षा पूरी हो चुकी है और अगली परीक्षा बुधवार को होगी।
दलाई ने कहा, "हमने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं और परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन या कोई अन्य गैजेट ले जाने की इजाजत नहीं दी है।"
उन्होंने बताया कि एंट्री पॉइंट और हॉल के दरवाज़ों पर तलाशी लेने की जरूरी प्रक्रिया का भी पालन किया गया। साथ ही, उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों ने सुरक्षा कर्मियों और इनविजिलेटर का पूरा सहयोग किया। इससे पहले, दूसरे एग्जाम का प्रश्न पत्र लीक होने की घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन ले जाने पर सख्ती से रोक लगा दी थी।
मामले की जांच के लिए बनीं दो समितियां
राज्य सरकार ने 27 जुलाई को हुई कथित गड़बड़ी की जांच के लिए तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, जबकि कॉलेज प्रशासन ने भी इसकी जांच के लिए पांच सदस्यों की एक कमेटी गठित की है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परीक्षा से जुड़ी जानकारी के इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन और WhatsApp ग्रुप के जरिए इसके प्रसार की जांच के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल पुलिस स्टेशन में FIR भी दर्ज कराई है।
यह FIR OUHS के परीक्षा नियंत्रक ने दर्ज कराई है और इसमें इस घटना के संबंध में MKCG मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज का भी नाम शामिल है।