NEET UG 2024: नीट प्रश्नपत्र चोरी या वितरण मामले में CBI का बड़ा खुलासा, संजीव मुखिया के खिलाफ नहीं मिले सबूत
NEET UG 2024 Paper Leak: सीबीआई ने कहा है कि नीट यूजी 2024 पेपर चोरी और लीक मामले की जांच में संजीव मुखिया की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला। एजेंसी ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की। मामले में अब तक 45 लोगों के खिलाफ कई चार्जशीट दायर की जा चुकी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET UG 2024 Paper Leak: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि नीट यूजी 2024 प्रश्नपत्र चोरी और लीक मामले की जांच के दौरान संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया की संलिप्तता साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला। एजेंसी ने कहा कि इसी वजह से उसके खिलाफ इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की गई।
बिहार पुलिस ने शुरुआती जांच में बनाया था आरोपी
सीबीआई के अनुसार, वर्ष 2024 में बिहार पुलिस ने नीट यूजी प्रश्नपत्र चोरी का मामला उजागर किया था और एफआईआर दर्ज की थी। उस समय संजीव मुखिया पर प्रारंभिक संदेह जताया गया था क्योंकि उसका नाम पहले भी कुछ अन्य पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका था। इसी आधार पर बिहार पुलिस ने उसे एफआईआर में आरोपी बनाया था।
सीबीआई ने जांच में सभी आरोपियों और लाभार्थियों की पहचान की
मामला बाद में सीबीआई को सौंप दिया गया। एजेंसी ने बताया कि जांच के दौरान प्रश्नपत्र चोरी, उसके वितरण और उससे लाभ लेने वाले सभी लोगों की पहचान कर ली गई। इस मामले में सीबीआई अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ कई चार्जशीट पटना की अदालत में दाखिल कर चुकी है।
संजीव मुखिया के खिलाफ नहीं मिला कोई साक्ष्य
सीबीआई ने कहा कि विस्तृत जांच के दौरान संजीव मुखिया की भूमिका का कोई सबूत नहीं मिला। इसलिए एजेंसी ने उसके खिलाफ नीट यूजी 2024 मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की। इसी कारण उसे इस मामले में जमानत भी मिल गई।
पहले फरार था, बाद में बिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार
सीबीआई के मुताबिक, जांच के दौरान संजीव मुखिया फरार था। बाद में उसे बिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया। चूंकि उसका नाम एफआईआर में था, इसलिए सीबीआई ने भी नीट यूजी 2024 मामले में पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया था।
अन्य मामलों में अब भी आरोपी है संजीव मुखिया
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि नीट यूजी मामले में जमानत मिलने के बावजूद संजीव मुखिया न्यायिक हिरासत में रहा, क्योंकि बिहार पुलिस द्वारा जांच किए जा रहे अन्य मामलों में भी वह आरोपी है।
सीबीआई का दावा- किसी आरोपी को नहीं छोड़ा गया
सीबीआई ने अपने बयान में कहा कि उसने नीट यूजी 2024 प्रश्नपत्र चोरी मामले की गहन और विस्तृत जांच की है। एजेंसी का दावा है कि इस साजिश में शामिल सभी लोगों की पहचान कर ली गई है और यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी दोषी कानून से बच न सके।