एनएमएमएस छात्रवृत्ति: आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर, इसके बाद इन तारीखों पर होगा सत्यापन; नोट कर लें शेड्यूल
NMMSS Scholarship 2026: राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दी गई है। आवेदन के बाद छात्रों को सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी करानी होगी। पात्रता, छात्रवृत्ति राशि और जरूरी तारीखें नीचे जानें...
विस्तार
NMMSS Scholarship 2026 Last Date: शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब पात्र छात्र 31 अक्तूबर तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता देना है, ताकि वे कक्षा 8 के बाद भी अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
आवेदन से जुड़ी जरूरी जानकारी
- आवेदन की अंतिम तारीख: 31 अक्तूबर 2026
- आवेदन का माध्यम: राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल
- आधिकारिक वेबसाइट: scholarships.gov.in
आवेदन के बाद किन तारीखों पर होगा सत्यापन?
सिर्फ आवेदन करना ही पर्याप्त नहीं है। आवेदन जमा करने वाले छात्रों के विवरण और दस्तावेजों का निर्धारित समयसीमा में सत्यापन भी किया जाएगा। सत्यापन का पूरा कार्यक्रम:
- 15 नवंबर: संस्थान के नोडल अधिकारी द्वारा आवेदन का सत्यापन
- 30 नवंबर: जिला नोडल अधिकारी द्वारा आवेदन का सत्यापन
जिन छात्रों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके आवेदन और दस्तावेज संबंधित स्तर पर तय समयसीमा के भीतर सत्यापित हो जाएं।
एनएमएमएस छात्रवृत्ति के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
एनएमएमएस चयन परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्र के लिए कक्षा 7 में निर्धारित न्यूनतम अंक होना जरूरी है। पात्रता की प्रमुख शर्तें:
- कक्षा 7 में कम से कम 55 प्रतिशत अंक या इसके बराबर ग्रेड होना चाहिए।
- अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत अंकों की छूट दी जाती है।
- छात्र के माता-पिता की सालाना आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- छात्र को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से आयोजित चयन परीक्षा में पात्रता हासिल करनी होगी।
छात्रवृत्ति के तहत कितनी राशि मिलेगी?
एनएमएमएस के तहत चयनित छात्रों को हर साल 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह छात्रवृत्ति कक्षा 9 में पढ़ने वाले पात्र छात्रों के लिए दी जाती है। इसके बाद निर्धारित शैक्षणिक शर्तों को पूरा करने पर कक्षा 10, 11 और 12 में छात्रवृत्ति का नवीनीकरण किया जा सकता है। छात्रवृत्ति की राशि लाभार्थी के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए सीधे भेजी जाती है।
कितने छात्रों को हर साल नई छात्रवृत्ति दी जाती है?
योजना के तहत हर साल एक लाख नई छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। ये छात्रवृत्तियां उन पात्र कक्षा 9 के छात्रों को मिलती हैं, जो संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित चयन परीक्षा में सफल होते हैं।
छात्रवृत्ति मिलने के बाद इसे कक्षा 10 से कक्षा 12 तक नवीनीकरण के जरिए जारी रखा जा सकता है। इसके लिए छात्रों को निर्धारित शैक्षणिक शर्तों को पूरा करना होता है।
अब तक कितने आवेदन जमा हो चुके हैं?
- छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर तक 88,522 नए आवेदन जमा किए जा चुके थे। इसके अलावा 1,97,133 नवीनीकरण आवेदन भी जमा हुए थे।
- इस तरह योजना के लिए नए और नवीनीकरण आवेदनों की संख्या काफी अधिक है। आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ने से पात्र छात्रों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
किन स्कूलों के छात्र छात्रवृत्ति के पात्र हैं?
एनएमएमएस के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले ऐसे छात्र पात्र हो सकते हैं, जो इन स्कूलों में पढ़ रहे हैं:
- राज्य सरकार के स्कूल
- सरकार से सहायता प्राप्त स्कूल
- स्थानीय निकायों की ओर से संचालित स्कूल
पात्रता की अन्य शर्तें पूरी करना भी जरूरी है। चयन परीक्षा में सफल होने के बाद ही छात्र छात्रवृत्ति के लिए चयनित किए जाएंगे। जिन पात्र छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें 31 अक्तूबर की अंतिम तारीख का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, जिन छात्रों ने आवेदन पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें आगे की सत्यापन प्रक्रिया पर नजर रखनी होगी।
कमेंट
कमेंट X