यूपीटेट 2026 का रिजल्ट जारी: 13.3 लाख अभ्यर्थी सफल, प्राथमिक में 80.07% पास, उच्च प्राथमिक के क्या रहे नतीजे?
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में और 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की गई थी। प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी और उच्च प्राथमिक स्तर में 7.59 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को परीक्षा का परिणाम घोषित किया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
यूपीटेट 2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में और 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की गई थी। परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 19,94,661 थी। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा पांच पालियों में कराई गई थी।
प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी सफल
आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार, प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इस तरह प्राथमिक स्तर पर सफलता प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा।
उच्च प्राथमिक स्तर में 7.59 लाख सफल
उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस स्तर पर सफलता प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।
| स्तर | परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी | सफल अभ्यर्थी | सफलता प्रतिशत |
| प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) | 7,13,648 | 5,71,435 | 80.07% |
| उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) | 10,57,021 | 7,59,513 | 71.85% |
कार्यरत शिक्षकों का भी जारी हुआ परिणाम
यूपीटेट 2026 में पहले से कार्यरत शिक्षकों के प्रदर्शन का आंकड़ा भी आयोग ने जारी किया है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 फीसदी सफल हुए हैं।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 फीसदी को सफल घोषित किया गया है।
| स्तर | शामिल कार्यरत शिक्षक | सफल कार्यरत शिक्षक | सफलता प्रतिशत |
| प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) | 1,22,405 | 93,387 | 76.29% |
| उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) | 1,46,394 | 1,13,384 | 77.45% |
पांच पालियों में हुई थी परीक्षा
आयोग ने विज्ञप्ति में बताया कि यूपीटेट 2026 में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 19,94,661 थी। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा तीन दिनों में कुल पांच पालियों में आयोजित कराई गई थी। 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियां तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा हुई थी।
परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों के तुलनात्मक मूल्यांकन के लिए विज्ञापन के बिंदु-09 में दी गई प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है।
कहां देख सकते हैं यूपीटेट 2026 का परिणाम?
अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर जाकर संबंधित यूपीटेट 2026 परिणाम लिंक पर जाना होगा और मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी।
कमेंट
कमेंट X