नेशनल फिल्म अवाॅर्ड्स: आज कलाकारों को सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति; कार्तिक ने जताई खुशी, रणदीप ने कही यह बात
72nd National Film Awards: गुजरात के एकता नजर में आज 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कलाकारों को सम्मानित करेंगी। इस समारोह में इस साल क्या खास होगा? डालिए एक नजर…
विस्तार
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर में होगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कलाकारों को सम्मानित करेंगी। यह समारोह इसलिए भी खास है क्योंकि मंगलवार को इसके इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। 70 साल के इतिहास में यह समारोह दूसरी बार दिल्ली से बाहर आयोजित हो रहा है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय पुरस्कारों की अगली शृंखला के लिए देश के बाकी राज्यों में भी इस आयोजन को लेकर जाने की कार्ययोजना पर काम कर रहा है। इससे पहले केवल एक बार यह आयोजन 1971 में चेन्नई में हुआ था। मंत्रालय के अनुसार भारतीय सिनेमा अनेकता में एकता का प्रतीक है, इसलिए इस बार एकता के प्रतीक स्थल एकता नगर, गुजरात को चुना गया है।
कार्तिक आर्यन ने जाहिर की खुशी
अभिनेता कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैपियन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। इस समारोह में शामिल होने एक्टर गुजरात पहुंच चुके हैं। मंगलवार को वह केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी देखने पहुंचे। इस मौके पर कार्तिक आर्यन ने अवॉर्ड पर खुशी जताते हुए कहा, ‘मुझे 'चंदू चैंपियन' के लिए अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। मैं बेहद खुश हूं। मेरा पूरा परिवार और हमारी पूरी टीम रोमांचित है। 'चंदू चैंपियन' के साथ शुरू हुई हमारी यात्रा और जिस तरह से यह फिल्म इतने सारे लोगों विशेषकर पैरालिंपियनों को प्रेरित करती है, उसे देखते हुए मैं जूरी और पूरे भारत के दर्शकों का हमें चुनने के लिए आभार व्यक्त करता हूं।’
रणदीप हुड्डा ने याद किया सफर
फिल्म 'स्वातंत्र्यवीर सावरकर’ के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलेगा। इस पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए एक्टर ने कहा, ‘यह मेरा पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है। इन पुरस्कारों का हिस्सा बनकर मैं बहुत आभारी हूं। फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने की घोषणा मेरे लिए एक ऐसा क्षण है जिसे मैं अभी भी समझने की कोशिश कर रहा हूं। इस फिल्म ने मुझसे अब तक किए गए किसी भी काम से कहीं अधिक अपेक्षाएं रखीं'
रणदीप ने आगे कहा, 'इस फिल्म की यात्रा हर मोड़ पर चुनौतियों से भरी थी, लेकिन मुझे खुशी है कि हमने इसे पूरा किया और हर चुनौती का सामना किया। और इसके बावजूद, किसी न किसी तरह हमें आगे बढ़ने की शक्ति मिलती रही। एक अभिनेता, सह-लेखक और पहली बार निर्देशन कर रहे निर्देशक के रूप में, मैंने इस फिल्म को अपना सब कुछ दिया क्योंकि वीर सावरकर की कहानी को ईमानदारी और निष्ठा से बताने की मुझ पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी’
#WATCH | Gujarat: Bollywood actor Randeep Hooda arrives at Vadodara Airport to attend the 72nd National Film Awards Ceremony at the Statue of Unity in Ekta Nagar.
— ANI (@ANI) September 21, 2026
He says, "This is my first National Awards... I am very grateful to be a part of these awards..." pic.twitter.com/FcEAf4MpNa
जीवी प्रकाश का तीसरा पुरस्कार
फिल्म ‘अमरन’ के लिए म्यूजिक कंपोजर जीवी प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन के लिए पुरस्कार मिलना है। इस खास मौके पर जीवी प्रकाश ने खुशी जताते हुए कहा, ‘ मैं पहली बार इस शहर में आया हूं। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं, और यह मेरा तीसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। इसलिए इसे पाकर मैं बहुत खुश हूं।’
यह खबर भी पढ़ें- राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: 36 अवाॅर्ड सत्यजीत रे के नाम, शबाना ने भी बनाया रिकॉर्ड; क्यों शुरू हुआ यह सम्मान?
- हर साल तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाते हैं।
- इसमें फीचर फिल्म श्रेणी में 26 और गैर फीचर फिल्म श्रेणी में 16 पुरस्कार शामिल हैं।
- पुरस्कार में स्वर्ण कमल, रजत कमल और तीन व दो लाख के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं।
- सर्वश्रेष्ठ कहानी लेखन के लिए स्वर्ण कमल और एक एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
- इसके अलावा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार में नकद राशि के साथ प्रमाणपत्र और विशेष तौर पर तैयार पुरस्कार पट्टिका दी जाती है।