बिग बॉस 20: कैप्टन होने के बावजूद स्काउट ने तोड़े घर के नियम, वॉशरूम में इन दो प्रतिभागियों के साथ की ये हरकत
Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में घर के नियम तोड़ने पर सजा देने का प्रावधान है। मगर, नियम घर का कैप्टन ही तोड़े तो सजा भी सख्त हो जाती है। ऐसा ही कुछ हाल ही में देखने को मिला है।
विस्तार
रियलिटी शो 'बिग बॉस' का 20वां सीजन खूब सुर्खियां बटोर रहा है। प्रतिभागियों के बीच दोस्ती-प्यार और लड़ाई-झगड़ों का दौर जारी है। फिलहाल, कप्तान की भूमिका स्काउट ओपी के कंधों पर हैं। यह बड़ी जिम्मेदारी निभाने के बीच उन्होंने घर का नियम तोड़ दिया। इसके बाद बिग बॉस ने नाराजगी जताई है। स्काउट की गलती की सजा पूरे घर को भुगतनी पड़ेगी।
क्यों लगी स्काउट पर फटकार?
'बिग बॉस 20' का एक प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें बिग बॉस स्काउट को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, स्काउट ने यंग डीएसए और आसिफ खान के साथ मिलकर घर का नियम तोड़ दिया। दरअसल, स्काउट, यंग और आसिफ तीनों प्रतिभागी एक ही वक्त पर वॉशरूम के अंदर चले गए। घर के नियमों के मुताबिक प्रतिभागियों का एक साथ वॉशरूम में इस तरह जाना सख्त मना है।
बिग बॉस बोले- 'पूरा घर दंड भुगतेगा'
घर में नियम तोड़े जाने पर बिग बॉस स्काउट से सवाल करते है और पूछते हैं, 'स्काउट घर में अभी कोई नियम उल्लंघन हुआ है'? इस पर स्काउट कहते हैं कि वॉशरूम में दो लोग चले गए थे। इस पर बिग बॉस पूछते हैं कि कौन-कौन? स्काउट कहते हैं, 'मैं, आसिफ भाई और यंग'। इसके बाद बिग बॉस सभी घरवालों के सामने एलान करते हैं कि कैप्टन द्वारा जानबूझकर किए गए नियम उल्लंघन के लिए पूरा घर दंड भुगतेगा।
बचाव में क्या बोले स्काउट?
स्काउट की गलती पर पूरे घर को सजा दिए जाने के बिग बॉस के एलान के बाद सभी प्रतिभागियों के चेहरे पर मायूसी छा गई। कुछ प्रतिभागी नाराज भी नजर आए। वहीं, कुछ ने स्काउट पर सवाल उठाए। उदिति नाराज होते हुए स्काउट से पूछती हैं, 'घर का नियम पता था ना'? इस पर स्काउट अपना बचाव करते हुए कहते हैं, 'पता था। मगर, ऐसे सौ नियम टूट रहे होते हैं घर के अंदर'। सभी प्रतिभागी अपनी अलग-अलग राय देते नजर आते हैं। बता दें कि सलमान खान होस्टेड इस रियलिटी शो को जियो हॉटस्टार पर रात नौ बजे और कलर्स पर रात साढ़े दस बजे देखा जा सकता है।