सलमान खान ने क्यों गाया 'मैं हूं हीरो तेरा' गाना? संगीतकार अमाल मलिक ने बताई इसके पीछे की वजह
Amaal Mallik On Salman Khan: संगीतकार अमाल मलिक ने सलमान खान द्वारा 2015 में आई फिल्म 'हीरो' के लिए 'मैं हूं हीरो तेरा' गाने का अपना संस्करण रिकॉर्ड करने के पीछे का कारण बताया है। इस फिल्म में सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी ने अभिनय किया था।
विस्तार
संगीतकार अमाल मलिक ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि साल 2015 में आई फिल्म 'हीरो' का मशहूर गाना 'मैं हूं हीरो तेरा' सलमान खान ने क्यों गाया था। आइए जानते हैं इस गाने से जुड़ी कुछ खास बातें।
सलमान खान ने क्यों गाया 'मैं हूं हीरो तेरा' गाना?
अमाल मलिक के मुताबिक, इस गाने का असली वर्जन उनके भाई अरमान मलिक ने गाया था, जो फिल्म के ट्रेलर के साथ आते ही सुपरहिट हो गया था। लेकिन फिल्म की रिलीज के वक्त सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी को लेकर काफी नकारात्मकता फैल रही थी।
अमाल मलिक ने बताया, 'सलमान ने तब कहा कि मुझे कुछ ऐसा करना चाहिए, जिससे लोगों का ध्यान इस नकारात्मकता से हटकर मुझ पर आ जाए। वह हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहते हैं। उन्होंने खुद पर जोखिम लिया और कहा कि मैं यह गाना गाऊंगा ताकि फिल्म के अंत में जब मैं इन दोनों कलाकारों को दर्शकों से मिलवाऊं, तो माहौल बदल जाए।'
'मैं गायक नहीं हूं'
अमाल ने बताया कि सलमान खान खुद को कभी गायक नहीं मानते। वह रिकॉर्डिंग के दौरान अमाल से कहते थे, 'मैं गायक नहीं हूं, तुम खुद तय करो कि गाना कैसा बना है।' अमाल का कहना है कि सलमान खान का गाना गाने का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ।
8 अलग-अलग जगहों पर हुई गाने की रिकॉर्डिंग
'मैं हूं हीरो तेरा' गाने को रिकॉर्ड करना काफी लंबा और अनोखा सफर था। अमाल ने बताया कि इस गाने की डबिंग आठ अलग-अलग जगहों पर की गई थी। इसका पहला सेशन संगीतकार हिमेश रेशमिया के स्टूडियो में हुआ। दूसरा सेशन यशराज स्टूडियो में हुआ। तीसरा सेशन सलमान खान के फार्महाउस पर हुआ। चौथा सेशन एक फिल्म के सेट पर हुआ।
अमाल ने बताया कि अलग-अलग जगहों पर रिकॉर्डिंग होने के बावजूद, उन्होंने हर जगह एक ही माइक्रोफोन का इस्तेमाल किया, ताकि सलमान खान की आवाज का टोन न बदले।
'मैं हूं हीरो तेरा' गाने के बारे में
'मैं हूं हीरो तेरा' गाने को अमाल मलिक ने कंपोज किया था। इसके बोल कुमार ने लिखे थे। यह गाना दो वर्जन में रिलीज हुआ था। एक अरमान मलिक की आवाज में और दूसरा सलमान खान की आवाज में। सलमान खान वाले वर्जन के वीडियो में उन्हें स्टूडियो के अंदर गाना रिकॉर्ड करते हुए दिखाया गया है।
यह भी पढ़ें: Fauzi: ‘फौजी’ से सामने आया प्रभास का दमदार लुक, पोस्टर के साथ निर्माताओं ने की रिलीज डेट की घोषणा