जिस सीन के लिए दिया ऑडिशन, वही निकला सबसे जरूरी; गौरव गेरा ने ‘धुरंधर 2’ के इंटेंस सीन के पीछे की बताई कहानी
Dhurandhar 2: ‘धुरंधर 2’ फिल्म रिलीज के बाद से ही चर्चाओं में है। अब फिल्म में मोहम्मद आलम का किरदार निभाने वाले गौरव गेरा ने अपने एक सीन को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
विस्तार
'धुरंधर 2' 19 मार्च को रिलीज हुई थी। तब से ही फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है। फिल्म ने 1 हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसके एक्टर्स को भी लोगों से काफी सराहना मिल रही है।
मोहम्मद आलम का किरदार निभाने वाले गौरव गेरा ने भी हाल ही में अपने एक बेहद जरूरी सीन को लेकर बड़े खुलासे किए। उन्होंने बताया कि कैसे जिस सीन के लिए वे ऑडिशन करने गए थे, वो फिल्म का बेहद जरूरी सीन बन गया।
इस सीन के लिए हुआ था गौरव का ऑडिशन
बता दें कि गौरव गेरा फिल्म में मोहम्मद आलम का किरदार निभाते हैं। ‘धुरंधर 2’ में एक सीन आता है, जहां पिंडा की मौत का इल्जाम आलम को अपने सिर लेना पड़ता है। गौरव ने इसी सीन के बारे में बात की।
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में गौरव गेरा ने कहा, ‘मेरा उसी इंटेंस और हेवी सीन के लिए ऑडिशन हुआ था। मुझे मुकेश छाबड़ा के ऑफिस बुलाया गया था और ये सीन परफॉर्म करने के लिए कहा गया था। तो ऐसा नहीं था कि ये सीन मेरे लिए ज्यादा सरप्राइजिंग था।’
गौरव ने बताया कि नैरेशन के वक्त ही उन्हें इस सीन की अहमियत का पता चल गया था। उन्होंने कहा, ‘जब बाद में नैरेशन हुआ, तो मैं समझ गया था कि इस सीन को कहां रखा जाएगा। ऐसा कुछ मेरे लिए शॉकिंग नहीं था। मुझे पता था कि ये ऐसा रोल है जिसे पसंद किया जाएगा और हमजा का एक मात्र सपोर्ट होगा, जिसे सबकुछ पता होगा। तो मैं जानता था कि ये एक स्पेशल रोल है।
बता दें कि 'धुरंधर 2' 19 मार्च को रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म ने अबतक भारत में 1,023.77 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं वर्ल्डवाइड इसने अभी तक 1,625.72 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी अहम किरदार में नजर आए हैं।