शिल्पा राव: आयोजकों ने सिंगर से मांगी माफी, कहा- आपका आना सम्मान की बात है; जानें क्या है माइक बंद का मामला
- Shilpa Rao: हाल ही में एक इवेंट में सिंगर शिल्पा राव का परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दिया गया।
- इस मामले की काफी आलोचना हुई और यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
- इस मामले पर अब आयोजकों ने माफी मांगी है। उन्होंने बताया कि इवेंट में सिंगर का आना उनके लिए सम्मान की बात है।
विस्तार
इस घटना की फेस्टिवल में आए फैंस ने आलोचना की। सोशल मीडिया पर जस्टिस फॉर शिल्पा राव ट्रेंड करने लगा। सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में, आयोजकों ने बताया कि कुछ परफॉरमेंस के तय समय से ज्यादा चलने की वजह से देरी हुई। इस वजह से परफॉरमेंस को जल्दी खत्म करना पड़ा।
इस घटना पर बात करते हुए आयोजकों ने लिखा, 'हम दिल से माफी मांगते हैं। बीएमपी में हमारा हमेशा से यही लक्ष्य रहा है कि हम अपने कलाकारों और उनके फैंस को एक बेहतरीन लाइव म्यूजिक अनुभव दें। हम इस वीकेंड हुए फेस्टिवल में शिल्पा राव की परफॉर्मेंस के अचानक खत्म होने के मामले पर अपनी बात रखना चाहते हैं।'
उन्होंने कहा कि वे शिल्पा राव का बहुत सम्मान करते हैं और उनके काम, कला और म्यूजिक इंडस्ट्री पर उनके प्रभाव की कद्र करते हैं। बयान में कहा गया, 'उन्हें अपने लाइन-अप में शामिल करना हमारे लिए बड़े सम्मान की बात थी। सख्त प्लानिंग और तालमेल के बावजूद, लाइव इवेंट्स में कई बार अचानक से कुछ बदलाव हो सकते हैं, जैसे कि किसी कलाकार की परफॉरमेंस का तय समय से ज्यादा लंबा खिंच जाना।'
शिल्पा राव की परफॉर्मेंस जल्दी खत्म होने का कारण बताते हुए आयोजकों ने लिखा, 'चूंकि हमारे फेस्टिवल स्थानीय प्रशासन के कड़े दिशा-निर्देशों और वेन्यू के कर्फ्यू नियमों के तहत आयोजित होते हैं, इसलिए लगातार हुई देरी की वजह से हमें उनकी परफॉरमेंस को समय से पहले ही रोकना पड़ा। हालांकि ये हालात पूरी तरह से हमारे नियंत्रण से बाहर थे, फिर भी हमें इस बात का गहरा खेद है कि हम उनकी पूरी परफॉरमेंस नहीं दिखा सके।'
फैंस से मांगी माफी
उन्होंने शिल्पा राव, उनकी टीम और उनके फैंस से भी माफी मांगी। बयान में आगे कहा गया, 'हम आपकी निराशा को समझते हैं। लाइव फेस्टिवल के आयोजन से जुड़ी चुनौतियों को समझने के लिए हम आपके आभारी हैं।'
बताया जा रहा है कि यह इवेंट तय समय से लगभग 45 मिनट पीछे चल रहा था, जिसकी वजह से कलाकारों को अपनी परफॉरमेंस के लिए कम समय मिला। जब शिल्पा राव दर्शकों से बात कर रही थीं, तभी उनके साथ परफॉर्म करने वाले कुतले खान ने अपना सेट शुरू कर दिया, जिससे शिल्पा राव की बात बीच में ही रुक गईं।
शिल्पा ने लिखी पोस्ट
बाद में शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी निराशा जाहिर की और मुंबई के दर्शकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, 'मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा सा हिस्सा टूट गया। इतनी खूबसूरत चीज का इस तरह हमसे छिन जाना बहुत तकलीफ देता है। लेकिन जब संगीत रुक गया, तब भी आप नहीं रुके। जिस तरह से आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाजों में जो प्यार था... आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई। मैं वादा करती हूं, मैं वापस आऊंगी।'
इस रुकावट की वजह से ऑनलाइन आलोचना शुरू हो गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आयोजकों पर खराब टाइम मैनेजमेंट और एक सीनियर कलाकार का अनादर करने का आरोप लगाया।