‘माता-पिता ही बन गए सास’, ALTT को लेकर एकता कपूर को जितेंद्र ने दिए ताने, बोलीं- शादी न करने पर इतने नहीं मिले
Ektaa Kapoor On ALTT App: एकता कपूर ने पिता जितेंद्र को लेकर खुलासा किया। उन्होंने बताया कि क्यों उन्होंने एएलटीटी ऐप से दिया इस्तीफा? साथ ही किस बात को लेकर पिता ने दिए सैकड़ों ताने…
विस्तार
एकता कपूर इन दिनों अपने प्रोडक्शन हाउस की आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इस बीच एकता कपूर ने अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म एएलटीटी को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे उनके पिता जितेंद्र और मां उनके इस ओटीटी प्लेटफॉर्म की शुरुआत करने के खिलाफ थे। एएलटीटी, जो पहले एएलटीबालाजी था, 18+ दर्शकों के लिए बोल्ड और ओरिजिनल कंटेंट बनाने पर केंद्रित था। हालांकि, यह प्लेटफॉर्म जल्द ही विवादों में घिर गया और भारत सरकार ने 2025 में अश्लीलता का हवाला देते हुए इसे प्रतिबंधित कर दिया। एकता ने बताया कि पिता जितेंद्र को डर था कि इससे परिवार की छवि खराब होगी।
घर से नहीं मिला समर्थन
उषा काकडे प्रोडक्शंस से बात करते हुए एकता कपूर ने अपने इस प्लेटफॉर्म के बारे में बताया। उन्हों कहा कि मेरे माता-पिता नहीं चाहते थे कि मैं एएलटीटी शुरू करूं। उनका मानना था कि चूंकि मैं पद्मश्री पुरस्कार विजेता हूं और इंडस्ट्री में मेरी एक छवि है। इसलिए मुझे बोल्ड कंटेंट वाला ऐप शुरू नहीं करना चाहिए।
इस बात को लेकर हमारे घर में काफी झगड़े हुए, लेकिन मैंने सोचा कि चूंकि मैंने पारिवारिक कंटेंट काफी किया है, इसलिए मुझे कुछ अलग तरह का कंटेंट करना चाहिए। जिसमें युवा, अपराध, बोल्ड जैसे विषय हों, कुछ ऐसा जो हर प्लेटफॉर्म पर चले। इसलिए मैंने इसे शुरू किया, लेकिन मुझे घर से कोई समर्थन नहीं मिला।
माता-पिता ही बन गए सास
एकता ने बताया कि कैसे उनके माता-पिता प्लेटफॉर्म शुरू करने के लिए दिन-रात उन्हें ताने मारते थे। उन्होंने कहा कि शादी न करने पर तो वे चार ताने मारते थे, लेकिन इस मामले में मुझे सौ ताने सुनने पड़े।
सुबह से ही वे मुझे प्लेटफॉर्म बंद करने के लिए कहने लगते थे – बंद कर दो, बंद कर दो। आखिरकार मैंने और मेरी मां ने इस्तीफा दे दिया, लेकिन मुझे इस बात पर सबसे ज्यादा ताने सुनने पड़े और इस मामले में मेरे माता-पिता ही मेरी सास बन गए।
कानून का पालन न करने वाली ‘अश्लील और भद्दी सामग्री’ प्रसारित करने के कारण केंद्र सरकार ने 2025 में ALTT पर प्रतिबंध लगा दिया था। बाद में एकता ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा था कि वह बालाजी टेलीफिल्म्स चलाती हैं और उन्होंने और उनकी मां ने जून 2021 में एएलटीटी से अपने पद छोड़ दिए थे।
कमेंट
कमेंट X