‘टॉप गन’ स्टार जेम्स टोलकन का 94 साल की उम्र में निधन, 'बैक टू द फ्यूचर' में निभाया था अहम किरदार
James Tolkan Death News: 'बैक टू द फ्यूचर' में प्रिंसिपल मिस्टर स्ट्रिकलैंड के किरदार से लोकप्रियता हासिल करने वाले जेम्स टोलकन इस दुनिया में नहीं रहे। जानिए उनके बारे में…
विस्तार
हॉलीवुड दिग्गज अभिनेता जेम्स टोलकन का 94 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें 'बैक टू द फ्यूचर' फिल्म में सख्त हाई स्कूल प्रिंसिपल मिस्टर स्ट्रिकलैंड के लिए जाना जाता है। इसके अलावा 'टॉप गन' में कमांडर टॉम ‘स्टिंगर’ जार्डियन का उनका किरदार भी काफी लोकप्रिय रहा है। टोलकन का निधन न्यूयॉर्क के सारानाक लेक में हुआ। उनकी टीम की ओर से उनके निधन की पुष्टि की गई है।
साथी कलाकार ने किया याद
यह जानकारी पीपुल पत्रिका के हवाले से दी गई। 'बैक टू द फ्यूचर' के एक क्रू सदस्य ने जेम्स टोलकमन को याद करते हुए कहा कि वो एक दयालू व्यक्ति थे। जब भी मुझे जेम्स से मिलने का मौका मिला, वह काफी अच्छा रहा। मिस्टर स्ट्रिकलैंड जितने क्रूर और निर्दयी थे, जेम्स टोलकन उनके ठीक विपरीत थे।
इन फिल्मों के लिए किया जाता है याद
मूल रूप से मिशिगन के रहने वाले जेम्स टोलकन शिकागो और टक्सन एरिज़ोना में पले-बढ़े। उन्होंने कोरियाई युद्ध के दौरान अमेरिकी नौसेना में सेवा की, जिसके बाद वे न्यूयॉर्क शहर चले गए। वहां उन्होंने स्टेला एडलर और ली स्ट्रासबर्ग के साथ एक्टिंग की पढ़ाई की।
वो ब्रॉडवे के प्ले ‘ग्लेनगारी ग्लेन रॉस’ के प्रमुख कलाकारों में से एक थे। उन्होंने निर्देशक सिडनी लुमेट के साथ ‘सर्पिको’ (1973), ‘प्रिंस ऑफ द सिटी’ (1981) और ‘फैमिली बिजनेस’ (1989) जैसी फिल्मों में काम किया।
1985 में आई फिल्म ‘बैक टू द फ्यूचर’ में मिस्टर स्ट्रिकलैंड के उनके किरदार ने उन्हें पॉप कल्चर में एक खास स्थान दिलाया। फिल्म ‘टॉप गन’ में उन्होंने टॉम क्रूज के कमांडिंग ऑफिसर की भूमिका भी निभाई और 2011 तक फिल्म और टेलीविजन में अभिनय करते रहे।