एनिमेटर बैरी काल्डवेल का निधन, 68 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; शो 'पिंकी एंड द ब्रेन' से हुए थे मशहूर
Barry Caldwell Passes Away: हॉलीवुड ने कई बेहतरीन एनिमेशन फिल्में और शो फैंस को दिए हैं। कई मशहूर एनिमेटर भी हॉलीवुड में हुए, इन्हीं मे से एक बैरी काल्डवेल भी थे। बैरी काल्डवेल के निधन की सूचना उनके दोस्त ने सोशल मीडिया पर साझा की है।
विस्तार
एनिमेटर और डायरेक्टर बैरी काल्डवेल ने 'एनिमेनियाक्स' और 'पिंकी एंड द ब्रेन' जैसे पॉपुलर शो बनाए थे। इस बेहतरीन कलाकार ने 68 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन की खबर एक पुराने दोस्त और साथी एनिमेटर पॉल डिनी ने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
बैरी काल्डवेल के निधन पर दोस्त और एनिमेटर डिनी हुए भावुक
एनिमेटर डिनी ने अपने पुराने दोस्त बैरी काल्डवेल को याद करते हुए एक इमोशनल नोट सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वह अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखते हैं, ‘बैरी काल्डवेल से करियर की शुरुआत में मिला था। एक कार्टूनिस्ट, डिजाइनर और डायरेक्टर के तौर पर वह बहुत टैलेंटेड थे। पूरी इंडस्ट्री में उनका सम्मान था। जब डैन हैस्केट ने आज मुझे बताया कि बैरी नहीं रहे, तो ऐसा लगा जैसे मेरे भीतर कुछ खत्म हो गया हाे।
डिनी आगे लिखते हैं, ‘बैरी की तारीफ हर कोई करता है, हर कोई उनको पसंद करता है। इस लिस्ट में मैं भी शामिल हूं। सच में तुम्हारी बहुत याद आएगी, दोस्त।’
बैरी काल्डवेल ने बनाए चर्चित एनिमेट शो
बैरी काल्डवेल के करियर फ्रंट की बात करें तो उन्होंने स्कूल ऑफ विज़ुअल आर्ट्स से ट्रेनिंग ली थी। 1980 में 'फैट अल्बर्ट एंड द कॉस्बी किड्स' जैसे शो से एनिमेशन की दुनिया में कदम रखा था। आगे चलकर उन्होंने वार्नर ब्रदर्स एनिमेशन, वॉल्ट डिज्नी टेलीविजन स्टूडियो और ड्रीमवर्क्स जैसे बड़े स्टूडियो के साथ काम किया। बैरी ने 'द स्मर्फ्स,' 'ही-मैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स,' 'द टॉम एंड जेरी कॉमेडी शो,' और 'चिप 'एन' डेल रेस्क्यू रेंजर्स' जैसे कई जाने-माने शो में काम किया। उन्होंने 'टिनी टून एडवेंचर्स', 'द टाइगर मूवी', 'ओस्मोसिस जोन्स', 'किम पॉसिबल' और 'ड्रीमवर्क्स ड्रैगन्स' जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया।