पसुपु समारोह के साथ शुरू हुईं अल्लू सिरीश-नयनिका की शादी की रस्म, शामिल नहीं हुए अल्लू अर्जुन; बताई वजह
Allu Sirish Pasupu Ceremony: अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी ने पारंपरिक पसुपु समारोह के साथ शादी के उत्सव की शुरुआत कर दी है। इस समारोह में उपस्थित न होने पर अल्लू अर्जुन ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है।
विस्तार
अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी की शादी की तैयारियां अब शुरू हो चुकी हैं। उनकी शादी की तैयारियां पसुपु समारोह के साथ शुरू हुईं। जिसकी खास झलक अल्लू सिरीश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की हैं। लेकिन इस पसुपु समारोह में अल्लू सिरीश के बड़े भाई अल्लू अर्जुन शामिल नहीं हो पाए। जिसको लेकर अल्लू अर्जुन ने एक खास पोस्ट शेयर किया है।
अल्लू सिरीश का पोस्ट
अल्लू सिरीश ने आज इंस्टाग्राम पर अपने घर पर हुई पहली प्री-वेडिंग रस्म 'पसुपु समारोह' ( यानी हल्दी की रस्म) की झलकियां शेयर कीं। इस रस्म में परिवार के सदस्य बहुत खुश नजर आए। पसुपु समारोह शादी की रस्मों की शुरुआत का प्रतीक होता है। सिरीश ने कैप्शन में लिखा कि उनके पसुपु समारोह के साथ शादी की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं।
पसुपु सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाए अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस वीडियो में अल्लू के माता-पिता अल्लू अरविंद और निर्मला हल्दी कूटते हुए मुस्कुराते हुए नजर आए। अल्लू स्नेहा रेड्डी भी खुशी से मेहमानों से बात करती नजर आईं। लेकिन इस रस्म में अल्लू सिरीश के बड़े भाई अल्लू अर्जुन नहीं दिखे। फैंस ने तुरंत उनकी कमी महसूस की। अर्जुन ने सिरीश के वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और लिखा, 'मुझे वहां न होने की बहुत कमी खल रही है।'
आखिर भाई की पसुपु सेरेमनी में क्यों शामिल नहीं हो पाए अल्लू अर्जुन
वजह यह है कि अर्जुन अभी अपनी नई फिल्म AA22xA6 (एटली निर्देशित, दीपिका पादुकोण के साथ) की शूटिंग में व्यस्त हैं। शादी की तारीख 6 मार्च 2026 है। यह तारीख खास है क्योंकि अर्जुन की भी शादी इसी तारीख को हुई थी।