अनंत नाग: ‘यह अवॉर्ड कर्नाटक को समर्पित’, अभिनेता ने जताई दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलने की खुशी; कही ये बात
Anant Nag on Dadasaheb Phalke Award: कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को साल 2024 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किय गया है। यह अवाॅर्ड उन्हें 22 सितंबर 2026 को गुजरात में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान दिया जाएगा। इसी बीच यह सम्मान दिए जाने पर अभिनेता की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। जानिए उन्होंने क्या कहा..
विस्तार
अभिनेता अनंत नाग को कन्नड़ सिनेमा में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह अवॉर्ड उन्हें 22 सितंबर को प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान से नवाजे जाने के बाद एएनआई से बातचीत में पद्मभूषण अनंत नाग ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
क्या बोले अनंत नाग?
अपने करियर में अलग-अलग भाषाओं में काम करने वाले अनंत नाग का यह सम्मान कन्नड़ सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है। इस खास मौके पर उन्होंने खुशी जताते हुए एएनआई से बातचीत में कहा, ‘यह सब सिर्फ कर्नाटक की वजह से संभव हुआ है। यह सब जो मैंने हासिल किया है, वह कन्नड़ भाषी लोगों के वजह से ही हुआ है। मैं इस अवॉर्ड को कर्नाटक और वहां के लोगों को समर्पित करता हूं।’
यह खबर भी पढ़ें: अनंत नाग: पद्मभूषण के बाद दिग्गज अभिनेता को दादा साहब फाल्के सम्मान, 300 से ज्यादा फिल्में की; पीएम ने दी बधाई
अभिनय के साथ करते थे यह काम
आगे अपनी बातचीत के दौरान 'केजीएफ' फेम अभिनेता ने कहा, ‘जब मैं 12 साल का था तब मुझे मुंबई भेज दिया गया था। इसके बाद मैं यहां एक फिल्म के लिए आया। कन्नड़ सिनेमा में मुझे खूब मौके मिले, तब मुझे महसूस हुआ कि मैं यहां काम कर सकता हूं। एक कॉलेज स्टूडेंट होने के साथ-साथ मैं बैंक में नौकरी करता था। 18 साल की उम्र में मैंने थिएटर से शुरुआत की। इसके बाद पांच साल तक मैं मंच से जुड़ा रहा। इसी वजह से मुझे अवसर मिलते चले गए।’
बंगलूरू में बनाया घर
अनंत नाग ने अपने 50 साल के सफर पर रौशनी डालते हुए कहा, ‘जब मुझे कन्नड़ सिनेमा में मौके मिलने लगे तो मैंने बंगलूरू में ही रहने का फैसला किया। यहीं अपना घर बनाया। यह सब संभव हो पाया क्योंकि कर्नाटक के लोगों ने मेरा साथ दिया।'
अनंत नाग का वर्कफ्रंट
- दिग्गज अभिनेता अनंत नाग ने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्में की हैं।
- उन्होंने ज्यादातर कन्नड़ फिल्मों में काम किया है।
- इसके अलावा वे हिंदी, मराठी, तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों का भी हिस्सा रह चुके हैं।
- 'अंकुर', 'गौरी गणेश', 'मिनचिना ओटा', 'बेलादिंगाला बाले' और 'केजीएफ' जैसी शानदार फिल्मों में भी अभिनय किया।
कई बड़े सम्मान किए अपने नाम
- अनंत नाग को उनके लंबे और शानदार करियर के दौरान कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं।
- उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।
- अपने करियर में उन्होंने 6 फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।
- इसके अलावा वह कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार 5 बार अपने नाम कर चुके हैं।
- अब भारतीय सिनेमा में उनके 5 दशकों से ज्यादा के योगदान को देखते हुए उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा।