कांग्रेस के सीएम चेहरे पर विपक्ष हमलावर: भगवंत मान ने कहा-चन्नी पर कई दाग, सुखबीर का तंज-रेत माफिया के साथ खड़े होंगे सिद्धू
भगवंत मान ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर पंजाब के गरीब और आम आदमी का मजाक उड़ाया है। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पंजाब को पहले की तरह ही लूटना चाहती है।
विस्तार
कांग्रेस की तरफ से चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने की घोषणा पर विपक्षी दलों ने तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री चेहरे भगवंत मान ने कहा है कि कांग्रेस 10 मुख्यमंत्री चेहरे भी घोषित कर ले फिर भी पंजाब में सरकार नहीं बना पाएगी। वहीं शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने चन्नी को रेत माफिया बताया है। सुखबीर ने कहा कि अब सिद्धू रेत माफिया के साथ खड़े होंगे।
भगवंत मान ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर पंजाब के गरीब और आम आदमी का मजाक उड़ाया है। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पंजाब को पहले की तरह ही लूटना चाहती है। पार्टी ने ऐसा मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है जिस पर कई दाग हैं। मान ने राहुल गांधी पर सियासी हमला करते हुए कहा कि पंजाब में माफिया कैप्टन या चन्नी नहीं हैं, बल्कि गांधी परिवार का नेतृत्व कर रहे लोग हैं। कांग्रेस जिस मुख्यमंत्री चेहरे को हीरो कह रही है वह असल में जीरो है। मान ने नवजोत सिंह सिद्धू के लिए कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा एक परीक्षा बताया है। उन्होंने सिद्धू से पूछा है कि क्या वह अब रेत माफिया के साथ खड़े होंगे। सिद्धू को इस पर अब विचार करना होगा।
वहीं, शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने चन्नी को रेत माफिया बताया और कहा है कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का चेहरा चन्नी को बनाकर यह स्पष्ट कर दिया है कि 2022 में फिर से शिअद की सरकार बनेगी। वहीं, शिअद नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा है कि चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर राहुल गांधी ने मीटू और भ्रष्टाचार को चुना है जो चुनाव में कांग्रेस को भारी पड़ने वाला है।
बसपा को रोकने के सारे हथियार फेल होने के बाद 111 दिन के असफल चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर कांग्रेस ने असफल प्रयास किया है। कांग्रेस को इससे पहले सरकार बनाने के लिए जरूरी 59 विधायकों को पूरा करना चाहिए था। - जसवीर सिंह गढ़ी, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब बसपा
कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा रेत माफिया है। ईडी की रेड और उनके भतीजे की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि चन्नी ही पंजाब के रेत माफिया हैं। - सुखबीर बादल, प्रधान, शिअद
कांग्रेस ने माफिया को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है। कांग्रेस को हमेशा ही कमाने वाला बेटा चाहिए चाहें वह जीरो की क्यों न हो। - भगवंत मान, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब आप
पंजाब में मुख्यमंत्री को रिमोट से चलाना चाहती है कांग्रेस हाईकमान: अश्वनी शर्मा
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान पंजाब में मुख्यमंत्री को रिमोट से चलाना चाहता है। अश्वनी शर्मा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी की जगह अगर वह स्वयं भी पंजाब विधानसभा चुनाव में उतर जाते तो भी इस बार उनकी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लिए यह विधानसभा चुनाव, चुनाव से ज्यादा गेम प्लान है। चरणजीत सिंह चन्नी की आड़ में कांग्रेस दलित कार्ड खेलकर अनुसूचित जाति के वोट लेना चाहती है, क्योंकि वह जानती है कि इस वर्ग की वोटों के बिना सरकार बनाना नामुमकिन है। कांग्रेस का प्लान है यदि पंजाब की जनता को धोखा देकर सरकार बनानी पड़े तो बना लो, क्योंकि सीएम बदलना तो पार्टी के हाथ में है। चन्नी को कांग्रेस पार्टी ठीक 111 दिन बाद वैसे ही चलता कर देगी, जैसे उन्हें 111 दिन पहले सीएम बनाया था।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री की तुलना देश के प्रधानमंत्री से की जो ठीक नहीं है। यह राहुल गांधी की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। राहुल कहते हैं कि चन्नी गरीब घर का बेटा है, इसलिए उन्हें सीएम बनाएंगे, इस पर शर्मा ने कहा कि चन्नी ने गरीबी से उबरने के लिए ही खनन से अपने रिश्तेदार के माध्यम से पंजाब के करोड़ों रुपये डकारें हैं, जिसकी जांच ईडी कर रही है।
नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा मंच से दिए गए बयान कि भाजपा ने मुझसे केवल प्रचार कराया, लेकिन इज्जत सिर्फ कांग्रेस में मिली है, पर पलटवार करते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि सिद्धू सिर्फ सत्ता के भूखे हैं, जो अपने निजी हित के लिए कुछ भी कह सकते हैं, इसलिए उन्हें कोई सीरियस नहीं लेता।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में जबसे कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई है, उसी समय से प्रदेश में नशा माफिया, रेत माफिया व विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हैं। आज गली मोहल्लों में अवैध रूप से शराब बन रही है, क्या यह कांग्रेस सरकार की नाकामी नहीं है।