हिमाचल: अक्तूबर में एपीएल परिवारों को मिलेगा इतने किलो आटा, डिपुओं को सस्ते राशन का हुआ आवंटन
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अक्तूबर के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सस्ते राशन का आवंटन कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के 11.60 लाख से अधिक एपीएल परिवारों के लिए अक्तूबर में डिपुओं से मिलने वाले आटे के कोटे में बढ़ोतरी की गई है। त्योहारी सीजन के बीच अब एपीएल परिवारों को मौजूदा 12 किलो के बजाय 13 किलो आटा प्रति राशनकार्ड मिलेगा। प्रत्येक एपीएल राशनकार्ड धारक को अक्तूबर में एक किलो अतिरिक्त आटा दिया जाएगा। हालांकि, चावल के कोटे में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पांच किलो चावल प्रति राशनकार्ड ही मिलेगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अक्तूबर के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सस्ते राशन का आवंटन कर दिया है। विभाग की निदेशक कुमुद सिंह ने बताया कि अक्तूबर महीने के लिए राशन का आवंटन कर दिया गया है। एपीएल परिवारों को 13 किलो आटा और पांच किलो चावल प्रति राशनकार्ड दिया जाएगा, अन्य वस्तुओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अक्तूबर में नवरात्र और दशहरा सहित अन्य त्योहार हैं। इस दौरान परिवारों के घरेलू खर्च में बढ़ोतरी होती है। ऐसे में डिपुओं से मिलने वाले आटे के कोटे में एक किलो की बढ़ोतरी से एपीएल परिवारों को खाद्य सामग्री के बजट में कुछ राहत मिलेगी। अक्तूबर के लिए प्रदेश में कुल 16,685.13 मीट्रिक टन आटे का आवंटन हुआ है। इसमें एपीएल परिवारों के लिए 13,354.25 मीट्रिक टन आटा आवंटित किया गया है। वहीं, बीपीएल परिवारों के लिए 2,327.27 मीट्रिक टन और पीएचएच परिवारों के लिए 837 मीट्रिक टन आटा आवंटित हुआ है। कुल 8,341.32 मीट्रिक टन चावल का आवंटन हुआ है। इसमें एपीएल परिवारों के लिए 6,388.71 मीट्रिक टन, बीपीएल के लिए 1,818.41 मीट्रिक टन और पीएचएच परिवारों के लिए 134.20 मीट्रिक टन चावल आवंटित किया गया है। एपीएल परिवारों को प्रति राशनकार्ड पांच किलो चावल ही मिलेगा।
प्रदेश में 19.58 लाख से अधिक राशनकार्ड
हिमाचल प्रदेश में कुल 19,58,895 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें 11,60,019 एपीएल, 3,00,795 पीएचएच, 2,76,598 बीपीएल और 1,59,658 अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारक हैं। इसके अलावा 60,827 राशनकार्ड एपीएल टैक्सपेयर श्रेणी में हैं।