हिमाचल प्रदेश: मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगे ऑपरेशन थियेटर, विभाग बना रहा योजना
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में समय पर सर्जरी के लिए ऑपरेशन थियेटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में योजना बनाने में जुट गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में समय पर सर्जरी के लिए ऑपरेशन थियेटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में योजना बनाने में जुट गया है। इसके तहत मेडिकल कॉलेजों में मौजूदा सुविधाओं, ऑपरेशन थियेटरों की जरूरत और मरीजों के दबाव का आकलन होगा। योजना तैयार करने से पहले मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से भी सुझाव लिए जाएंगे, ताकि संस्थानों की जरूरत के अनुसार नए ऑपरेशन थियेटर स्थापित किए जा सकें। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते सर्जरी की सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
नए ऑपरेशन थियेटर बनने से सर्जरी की क्षमता बढ़ेगी
ऑपरेशन थियेटरों की सीमित उपलब्धता के कारण कई बार मरीजों को ऑपरेशन के लिए इंतजार करना पड़ता है। नए ऑपरेशन थियेटर बनने से सर्जरी की क्षमता बढ़ेगी और मरीजों के समय पर उपचार में मदद मिलेगी। प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में 12-12 बड़े ऑपरेशन थियेटर हैं। इन संस्थानों में प्रदेश भर से गंभीर बीमारियों और जटिल सर्जरी के लिए मरीज आते हैं। मरीजों की संख्या और विशेषज्ञताओं में ऑपरेशन की जरूरत को देखते हुए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। नए ऑपरेशन थियेटर बनाने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान आधारभूत ढांचे और विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। -आशीष सिंहमार, स्वास्थ्य सचिव