हिमाचल के सिरमौर में अनोखी शादी: चार भाइयों ने एक ही दिन और मुहूर्त में लिए सात फेरे, एक आंगन में चार दुल्हनें
सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लिए। शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर लौटे तो एक ही आंगन में चार बहुओं का पारंपरिक स्वागत हुआ। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। चारों दूल्हे जब दुल्हनों के साथ घर लौटे तो एक ही आंगन में चार नई बहुओं का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत हुआ। अनूठे रीति-रिवाजों और परंपराओं के लिए पहचान रखने वाले ट्रांसगिरी क्षेत्र में एक और अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। खास बात यह रही कि चारों की बरात एक ही घर से अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर लौटे। बता दें कि दूल्हे का परिवार संयुक्त रहता है। इनके परिवार में कुल 38 लोग हैं, जो अब 42 हो गए हैं।
पंचायत प्रधान गुमान सिंह ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में संयुक्त परिवार प्रणाली आज भी कई परिवारों में कायम है। यहां सैकड़ों परिवार एक ही छत के नीचे मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार व्यवस्था क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है, जिसे लोग आज भी आगे बढ़ा रहे हैं। गिरिपार क्षेत्र में जोड़ीदार प्रथा भी है। यहां यह भी काफी चर्चा में रहती है।
