हिमाचल: ऊना में चिट्टे के खिलाफ हजारों युवाओं ने बढ़ाए कदम, सीएम ने कल स्कूलों में की छुट्टी की घोषणा
हिमाचल प्रदेश के ऊना में चिट्टे और नशे के खिलाफ आयोजित एंटी चिट्टा वॉकथॉन में हजारों युवा और विद्यार्थी एकजुट हुए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में वॉकथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी ऊना तक गई और वापस खेल मैदान पहुंची। करीब 30 हजार युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना में नशे के खिलाफ हजारों युवा एकजुट हुए। चिट्टे के बढ़ते खतरे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित एंटी चिट्टा वॉकथॉन में युवाओं और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने कदम से कदम मिलाकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
वॉकथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना से शुरू हुई। इसके बाद प्रतिभागी आईएसबीटी ऊना तक पहुंचे और वहां से वापस खेल मैदान लौटे। कार्यक्रम में करीब 30 हजार युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। ऊना में तेज गर्मी और करीब 40 डिग्री तापमान के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ।
सीएम ने युवाओं को बताया बदलाव की ताकत
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन की शुरुआत युवाओं को ‘जेन जी’ और ‘जेन अल्फा’ कहकर की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इस लड़ाई में माता-पिता, शिक्षक, सामाजिक संगठन और जागरूक युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। उन्होंने कहा कि समाज को नशे से मुक्त करने के लिए जागरूकता के साथ-साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं। युवाओं को अपने आसपास नशे की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने का संदेश दिया गया।
एंटी चिट्टा वॉकथॉन के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ शपथ भी ली। प्रतिभागियों ने नशा न करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और समाज में जागरूकता अभियान चलाने का प्रण लिया।
जिला ऊना से आज चिट्टे के खिलाफ हिमाचल की हुंकार और बुलंद हुई।
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) September 16, 2026
अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ साफ संदेश है- हमारी युवा पीढ़ी के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में छूट नहीं मिलेगी।
चिट्टे के कारोबार में शामिल लोगों और इसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त… pic.twitter.com/2jB0QJa4Al
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी कार्रवाई तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए परिवार, स्कूल, युवा वर्ग और पूरे समाज को मिलकर काम करना होगा।
वीरवार को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीरवार को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा भी की। ऊना में आयोजित इस बड़े जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी को देखते हुए यह घोषणा की गई।
एंटी चिट्टा वॉकथॉन ने युवाओं के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज को यह संदेश दिया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। आयोजन में शामिल युवाओं ने नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।