आज के दिन: पीएम मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे, आईपीएल में चेन्नई-कोलकाता के बीच मुकाबला
नमस्कार! आज है मंगलवार, 14 अप्रैल। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 14 अप्रैल 2026 को वैशाख मास की कृष्ण पक्ष की द्वादशी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस का लोकार्पण करेंगे। वहीं, आईपीएल में चेन्नई और कोलकाता के बीच मुकाबला होगा।
राष्ट्रपति का गुजरात दौरा
शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान वह मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर गांधीनगर के लोक भवन में आयोजित 'सामाजिक समरसता महोत्सव' में भाग लेंगी। आज ही राष्ट्रपति गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
पीएम मोदी का देहरादून दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को देहरादून के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की कुल लागत 11,963 करोड़ है। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी प्रधानमंत्री लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से दून से दिल्ली की दूरी मात्र ढाई से तीन घंटे की रह जाएगी। 2021 में एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू हुआ था, जो पूरा होने के बाद अब उद्घाटन के लिए तैयार है। दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर यह एक्सप्रेस-वे बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर से होते हुए दून के आशारोड़ी को जोड़ता है। एक्सप्रेसवे पर 100 से ज्यादा अंडरपास, कई फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज और टनल बनाई गई है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बिहार में आज तीन बड़ी बैठकें
बिहार में आज तीन बड़ी बैठक होंगी। पहली भाजपा के विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद सरकार के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। भाजपा की बैठक के बाद एनडीए के विधायक दल के नेताओं की बैठक होगी। इसमें सभी विधायक भाजपा की ओर से तय किए गए चेहरे पर अपनी स्वीकृति देंगे। वहीं, सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्रि परिषद की बैठक होगी। इसमें नीतीश कुमार कई महत्वपूर्ण एजेंडो पर मुहर लगाएंगे। यह उनकी आखिरी कैबिनेट बैठक होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मध्य प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक
भारतीय जनता पार्टी की राज्य स्तरीय कोर कमेटी की पहली बैठक मंगलवार को आयोजित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पदभार संभालने के बाद अब तक कोर कमेटी का गठन नहीं हो पाया था, ऐसे में यह बैठक अहम मानी जा रही है। साल 2023 से पहले भाजपा में कोर कमेटी का गठन किया गया था, लेकिन उसके बाद नई कमेटी का गठन नहीं किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने ग्रुप बैठक की पहल की थी, लेकिन अब तक केवल दो बैठकें ही आयोजित हो सकी हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आंबेडकर जयंती पर बसपा का कार्यक्रम
बहुजन समाज पार्टी मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती सुबह आठ बजे मॉल एवेन्यू स्थित अपने आवास पर डॉ. आंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के नाम संदेश जारी करेंगी। इस मौके पर कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। डॉ. भीमराव आंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। वे समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ जीवनभर संघर्ष करते रहे। आंबेडकर ने लाखों लोगों को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक लोकतांत्रिक और समानता आधारित व्यवस्था दी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आईपीएल में चेन्नई और कोलकाता के बीच मुकाबला
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई में शाम के 7:30 से शुरू होगा।